पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरलम, और असम में चुनावी नतीजे आने के बाद इन सभी राज्यों में नई सरकार का गठन हो गया है. बंगाल में बीजेपी, तमिलनाडु में TVK और अन्य, केरल में UDF और असम में बीजेपी ने सरकार बना ली है. चुनावी दौर लगभग खत्म हो चुका है लेकिन सोशल मीडिया पर फेक न्यूज और भ्रामक दावों का दौर नहीं खत्म हुआ है.
ऐसे में वेबकूफ के इस वीकली राउंडअप में हम आपको बताएंगे बीते हफ्ते वायरल हुए कुछ ऐसे ही भ्रामक और झूठे दावों का सच.
बेसुध नजर आ रहीं ममता बनर्जी का पुराना वीडियो हालिया चुनावों से जोड़कर वायरल
बंगाल में विधानसभा चुनावों के नतीजे आने के बाद नई सरकार का गठन हो चुका है. सुवेंदु अधिकारी ने 09 मई को बतौर मुख्यमंत्री शपथ ली. ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) को हार का सामना करना पड़ा है.
दावा: इस बीच सोशल मीडिया पर ममता बनर्जी की एक वीडियो शेयर की जा रही है जिसमें वह बेसुध अवस्था में नजर आ रही है, इस तस्वीर को हालिया चुनावों से जोड़कर शेयर किया जा रहा है.
नहीं, यह दावा सही नहीं है. यह वीडियो हालिया नहीं है बल्कि 2021 का है और इसका हालिया बंगाल विधानसभा चुनावों से कोई संबंध नहीं है.
पूरी पड़ताल यहां पढ़ें.
इंदिरा गांधी ने 1967 में भारतीयों से की थी सोना ना खरीदने की अपील?
अंग्रेजी अखबार 'द हिंदू' की 6 जून 1967 की बताई जा रही एक कटिंग सोशल मीडिया पर वायरल है. दावा किया जा रहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी (Indira Gandhi) ने 1967 में लोगों से सोने की खरीदी बंद करने की अपील की थी.
दावा क्या है ? : वायरल दावे में कहा गया है कि 6 जून 1967 को प्रधानमंत्री गांधी ने गंभीर विदेशी मुद्रा संकट का हवाला देते हुए भारतीयों से सोने की खरीदी रोकने की अपील की थी, और इसे “राष्ट्रीय अनुशासन” बताया था. टाइम्स नाऊ समेत कई मीडिया संस्थानों और बीजेपी के कई नेताओं, जैसे कर्नाटक बीजेपी के प्रवक्ता विजय प्रकाश ने भी इस दावे को आगे बढ़ाया.
नहीं, शेयर की जा रही अखबार की कटिंग असली नहीं है. The Hindu ने आधिकारिक तौर पर स्पष्ट किया है कि वायरल हो रहा यह फ्रंट पेज फर्जी है और उनके ऐतिहासिक आर्काइव का हिस्सा नहीं है.
पूरी रिपोर्ट यहां पढ़ें.
सांप्रदायिक दावों के साथ वायरल यह वीडियो पश्चिम बंगाल नहीं बांग्लादेश का है
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कुछ लोग मस्जिद जैसे दिखने वाली एक धार्मिक जगह के अंदर ढोल-बाजा बजाते हुए दिख रहे हैं.
दावा: इस पोस्ट को हालिया बंगाल चुनाव से जोड़कर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि, "कोलकाता में चुनाव जीतने कि जश्न मस्जिद में म्यूजिक बजा कर किया जा रहा है. मुसलमानों को परेशान किया जा रहा है."
नहीं, यह दावा सही नहीं है. यह वीडियो पश्चिम बंगाल का नहीं है बल्कि बांग्लादेश में मौजूद गोची शाही दरबार शरीफ का है. यह वीडियो पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनावों से पहले है.
पूरी पड़ताल यहां पढ़ें.
पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों के बाद हुई हिंसा का नहीं ये वीडियो
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है, जिसमें भीषण आगजनी और सड़क पर लोगों के बीच अफरातफरी देखी जा सकती है. वीडियो पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद का बताया जा रहा है.
दावा : वीडियो को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं. कुछ यूजर्स का दावा है कि ये जनता की तरफ से TMC के खिलाफ हुए प्रदर्शन का है, तो कुछ यूजर्स का दावा है कि वीडियो में दिख रहे लोग बीजेपी कार्यकर्ता हैं, जो चुनाव नतीजों के बाद हिंसा कर रहे हैं.
वायरल हो रहा वीडियो अप्रैल 2026 से ही इंटरनेट पर है. जाहिर है इसका बंगाल चुनाव के नतीजों से कोई संबंध नहीं है. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई 2026 को आए थे.
पूरी पड़ताल यहां पढ़ें.
असम का पुराना वीडियो पश्चिम बंगाल चुनाव से जोड़कर वायरल
पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की जा रही है जिसमें कुछ मुस्लिम लोगों को बीजेपी का गमछा पहने हुए देखा जा सकता है.
दावा: इस तस्वीर को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजे आने के बाद तस्वीर में नजर आ रहे लोगों ने बीजेपी ज्वाइन कर ली है.
नहीं, यह दावा सही नहीं है.यह तस्वीर पश्चिम बंगाल की नहीं है बल्कि असम के पाथरकांडी की है. वायरल तस्वीर असम और पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनावों से पहले की है.
पूरी पड़ताल यहां पढ़ें.
बिहार के शिक्षा मंत्री ने नहीं कहा 'लड़कियों को शिक्षा की क्या जरूरत?'
बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं. इस बीच राज्य के शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी का एक वीडियो वायरल है. वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि शिक्षा मंत्री पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि 'लड़कियों को शिक्षा की क्या जरूरत?'
नहीं, बिहार सरकार के मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अपने बयान में ये नहीं कहा कि 'लड़कियों को शिक्षा की क्या जरूरत'. इस बयान में मिथिलेश लड़कियों के प्रदर्शन करने पर सवाल उठा रहे हैं. बयान में उन्होंने एजिटेशन शब्द का इस्तेमाल किया है, जिसे सोशल मीडिया पर एजुकेशन बताकर बयान को गलत संदर्भ में शेयर किया जा रहा है.
पूरी पड़ताल यहां पढ़ें.
केरल में IUML की जीत पर नहीं फहराए गए पाकिस्तानी झंडे
केरल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर इस दावे के साथ शेयर हो रहा है कि लोग यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की जीत का जश्न पाकिस्तानी झंडे लहराकर मना रहे है.
नहीं, वीडियो में दिख रहे झंडे पाकिस्तान के नहीं, बल्कि विधानसभा चुनावों में जीत के बाद लहराए जा रहे यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) गठबंधन की सहयोगी पार्टी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के झंडे हैं.
पूरी पड़ताल यहां पढ़ें.
तमिलनाडु में हिंदू धर्म विभाग के लिए मुस्लिम मंत्री बनाए जाने का दावा झूठा
तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के नतीजे आ गए हैं ऐसे में तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय ने 10 मई 2026 को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है.
दावा: ऐसे ही एक पोस्ट शेयर कर दावा किया जा रहा है कि हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग का मंत्री एक मुस्लिम MLA मुस्तफा को बना दिया गया है.
नहीं, यह दावा सही नहीं है.वीएमएस मुस्तफा तमिलनाडु में तमिलागा वेट्री कड़गम (TVK) की ओर से विधान सभा के सदस्य (MLA) हैं. वीएमएस मुस्तफा को अभी तक कोई मंत्रालय नहीं दिया गया है इसके साथ ही अभी सिर्फ 09 मंत्रियों का शपथग्रहण हुआ है.
पूरी पड़ताल यहां पढ़ें.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
