06 जून को 'कॉकरोच जनता पार्टी' ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर NEET पेपर लीक को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की. दिल्ली से सटे गाजियाबाद में सूर्या हत्याकांड से लेकर मालवीय नगर के होटल में लगी आग को लेकर अलग-अलग तरह की खबरें और दावें सोशल मीडिया पर शेयर किए गए. इस बीच इन खबरों समेत कुछ अन्य खबरों को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ भ्रामक दावें और फर्जी खबरें सोशल मीडिया पर शेयर की गईं.
वेबकूफ के इस वीकली RECAP में हम आपको बताएंगे बीते दिनों वायरल हुए कुछ ऐसे ही भ्रामक दावों का सच.
Surya Murder Case का नहीं हत्या कुबूल करते शख्स का वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक हत्या करने की बात कुबूलते हुए कह रहा है कि वो कुछ समय के लिए जेल जा रहा है. दावा किया जा रहा है कि ये शख्स उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद में हाल में हुए सूर्या मर्डर केस का आरोपी है.
आरोप है कि गाजियाबाद के खोड़ा स्थित नवनीत विहार के रहने वाले 17 वर्षीय सूर्या प्रताप चौहान की बकरीद के दिन असद और उसके साथियों ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी. 30-31 मई को पुलिस एनकाउंटर में मुख्य आरोपी असद की मौत हो गई.
वायरल वीडियो का सूर्या हत्याकांड से कोई संबंध नहीं है. वीडियो एक महीने पहले का है, जब दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में दो आरोपियों करन और मोंटी ने निक्की नाम के शख्स की कथित तौर पर हत्या कर दी थी.
पूरी पड़ताल यहां पढ़ें.
प्रदर्शन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ FIR दर्ज होने का दावा भ्रामक
कॉकरोच जनता पार्टी ने 07 जून 2026 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर भीड़ जुटाकर प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन में NEET पेपर लीक हो जाने के कारण शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई. इसको लेकर अलग-अलग तरह के दावे सोशल मीडिया पर शेयर किए गए.
ऐसे में सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट्स शेयर कर दावा किया जा रहा है कि, "विरोध प्रदर्शन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया गया है, जिनमें 'राष्ट्रविरोध गतिविधियों' का आरोप लगाया गया है."
नहीं, यह दावा सही नहीं है.जंतर मंतर पर प्रदर्शन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ FIR दर्ज होने का दावा भ्रामक है.
पूरी पड़ताल यहां पढ़ें.
फिलीपींस का पुराना वीडियो दिल्ली के होटल में लगी आग का बताकर वायरल
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कथित तौर पर एक जलती हुई इमारत से लोगों को सुरक्षित निकालने का काम देखा जा सकता है.
इस वीडियो को शेयर कर कुछ यूजर्स ने दावा किया है कि 'यह वीडियो दिल्ली के मालवीय नगर के एक होटल का है' जहां 3 जून 2026 को लगी भीषण आग लगी थी, जिसमें विदेशी नागरिकों समेत कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई थी.
नहीं, यह दावा सही नहीं है. इस वीडियो का दिल्ली के मालवीय नगर के होटल में लगी आग से कोई संबंध नहीं है. यह वीडियो 2025 में फिलीपींस की एक इमारत में लगी आग का है.
पूरी पड़ताल यहां पढ़ें.
फ्रांस में सावरकर स्मारक होने के दावे से वायरल हो रही फोटो असली नहीं
सोशल मीडिया पर एक भव्य मूर्ति की फोटो वायरल है. दावा किया जा रहा है कि ये मूर्ति हिंदू महासभा के शीर्ष नेता दिवंगत विनायक दामोदर सावरकर की है. कुछ यूजर्स ने ये भी दावा किया कि सावरकर की ये मूर्ति फ्रान्स में है.
वायरल फोटो असली नहीं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनाई गई है.
पूरी पड़ताल यहां पढ़ें.
'कॉकरोच जनता पार्टी' के हालिया विरोध प्रदर्शन का नहीं है यह वायरल वीडियो
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि 'कॉकरोच जनता पार्टी' के सदस्य 'गोदी मीडिया' को बाहर निकाल रहे हैं. 'गोदी मीडिया' शब्द का इस्तेमाल उन मीडिया संस्थानों के लिए किया जाता है जो भारतीय जनता पार्टी (BJP) का समर्थन करते हैं.
नहीं, इस वीडियो में फरवरी 2026 में हुआ एक अलग विरोध प्रदर्शन का फुटेज दिखाया गया है.
पूरी पड़ताल यहां पढ़ें.
JAAK की मदद से POK हासिल करने की बात कहते अमित शाह का वीडियो असली नहीं
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) भारत को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) को हासिल करने में मदद करेगी.
यह वीडियो ऐसे समय में वायरल हो रहा है, जब पाक अधिकृत कश्मीर की सरकार ने आतंकवाद-विरोधी कानून के तहत जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) पर प्रतिबंध लगाया है.
नहीं, यह दावा सही नहीं है. वायरल वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है और इसमें दिखाई गई फुटेज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का असली बयान नहीं दिखाती.
पूरी पड़ताल यहां पढ़ें.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
