सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है जिसमें कुछ पुलिस वाले कुछ प्रदर्शनकारियों के साथ मार पीट करते हुए दिख रहे हैं.
दावा: इस वीडियो को पश्चिम बंगाल के हालिया चुनाव से जोड़कर और ममता बनर्जी और उनकी पार्टी से जोड़कर पश्चिम बंगाल का बताकर शेयर किया जा रहा है.
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
यह वीडियो बंगाल का नहीं है बल्कि बांग्लादेश में हुए विरोध प्रदर्शनों का है.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस के इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें यही वीडियो बांग्लादेशी न्यूज आउटलेट Ajker Patrika नाम के यूट्यूब चैनल पर मिली.
इस चैनल पर दी गई डिटेल्स के मुताबिक यह वीडियो बांग्लादेश के ढाका का है जिसमें ढाका में पुलिस की घेराबंदी और लाठीचार्ज दिखाया गया है.
इससे सम्बंधित कीवर्ड्स सर्च करने पर हमें Dhaka Tribune की 06 फरवरी 2026 की यह न्यूज रिपोर्ट मिली जिसके मुताबिक, "वीडियो में दिखाई गई घटना इंकलाब मंच के कार्यकर्ता और ढाका पुलिस के बीच हुई झड़प की थी. यह कार्यकर्ता अपने प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के लिए न्याय की मांग कर रहे थे जिस दौरान शुक्रवार दोपहर को वह पुलिस से भिड़ गए. यह झड़प तब हुई जब वे होटल इंटरकॉन्टिनेंटल से मुख्य सलाहकार के आवास 'जमुना' की ओर मार्च कर रहे थे."
हमारी सर्च में हमें Independent नाम की 07 फरवरी 2026 की बांग्लादेश की एक अन्य न्यूज वेबसाइट भी मिली जिसमें इस घटना को ढाका में हुए इंकलाब मंच के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन का बताया गया था.
इससे पहले भी बांग्लादेश के कुछ वीडियो को पश्चिम बंगाल के हालिया वीडियो बताकर शेयर किया गया है, हमने उनका भी फैक्ट-चेक किया था आप हमारी वह रिपोर्ट यहां और यहां पढ़ सकते हैं.
निष्कर्ष: बांग्लादेश के ढाका में हुए पुलिस एक्शन का वीडियो बंगाल का हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
