सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है, जिसमें सैनिक कुछ लोगों को सख्ती से गिरफ्तार कर ले जाते दिख रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो पश्चिम बंगाल का है जहां होने जा रहे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सेना पहुंच चुकी है.
क्या ये सच है ? : वायरल वीडियो पश्चिम बंगाल का नहीं, बांग्लादेश का है. ये वीडियो फरवरी से इंटरनेट पर उपलब्ध है, जाहिर है इसका पश्चिम बंगाल में होने जा रहे विधानसभा चुनावों से कोई संबंध नहीं है.
हमने ये सच कैसे पता लगाया ? : वायरल वीडियो को गूगल लेंस के जरिए रिवर्स सर्च करने पर हमें फरवरी 2026 के एक पोस्ट में इसी वीडियो का क्लियर वर्जन मिला.
Pro Media नाम के फेसबुक पेज से पोस्ट किए गए इस वीडियो को बांग्लादेश चुनाव के वक्त का बताया गया है. कैप्शन में बताया गया है कि ये वीडियो बांग्लादेश के ढाका का है, जहां मनिक नगर हाई स्कूल के पास तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था.
यहां से अंदाजा लेकर हमने गूगल मैप के स्ट्रीट व्यू पर मलिक नगर हाई स्कूल के आसपास का इलाका देखा. फिर इसे वायरल वीडियो से मिलाकर देखा.
वायरल वीडियो में पीछे दिख रहा गेट हमें गूगल मैप पर भी दिखा. बोर्ड पर लिखे टेक्स्ट का गूगल ट्रांसलेट पर ट्रांसलेशन करने से हमें पता चला कि ये गेट मलिक नगर हाई स्कूल का है.
ये तो स्पष्ट हो गया कि वीडियो बांग्लादेश के ढाका का है, हालांकि ये पुष्टि हमारी पड़ताल में नहीं हो सकी कि वीडियो कब का है.
निष्कर्ष : बांग्लादेश का वीडियो सोशल मीडिया पर पश्चिम बंगाल में होने जा रहे विधानसभा चुनाव से जोड़कर गलत दावे से वायरल है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
