इजरायल-अमेरिका और ईरान में जारी युद्ध के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है जिसमें एक बिल्डिंग में एयर स्ट्राइक की वजह से धमाका होता दिख रहा है.
दावा: इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह ईरानी हमले के बाद इजरायल के हाइफा एयरपोर्ट का नजारा है.
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
यह वीडियो हालिया नहीं है बल्कि 16 जुलाई 2025 से इंटरनेट पर मौजूद है.
वायरल वीडियो में इजरायल के सीरिया में दमिश्क पर किए गए हवाई हमले दिखाए गए हैं, जिनमें रक्षा मंत्रालय और राष्ट्रपति भवन के आसपास के इलाके को निशाना बनाया गया था.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें Al Jazeera की यह न्यूज रिपोर्ट मिली, जिसमें वायरल वीडियो से मेल खाते हुए दृश्य थे.
यह रिपोर्ट 16 जुलाई 2025 की थी और इसमें लिखा था कि, "इजरायल ने बुधवार को दमिश्क पर जोरदार हवाई हमले किए, जिनमें रक्षा मंत्रालय और राष्ट्रपति भवन के आस-पास के इलाके को निशाना बनाया गया. इन हमलों में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई."
इससे सम्बंधित कीवर्ड्स सर्च करने पर हमें सऊदी न्यूज एजेंसी Al Arabiya के यूट्यूब चैनल पर भी यह वीडियो मिला जो वायरल वीडियो से मेल खा रहा था.
इसके सिवा हमारी सर्च में हमें ऐसे ही वीडियो Sky News और Hindustan Times के यूट्यूब चैनल पर मिले जिसकी डिटेल में लिखा था कि "इजरायल ने दमिश्क में सीरियाई सैन्य मुख्यालय पर हमला किया."
निष्कर्ष: सीरिया में हुए इजरायली हवाई हमले के पुराने वीडियो को इजरायल के हाइफा में हुए हालिया हमले का बताकर भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
