इजरायल-ईरान युद्ध के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है जिसमें रेगिस्तान जैसे दिखने वाली एक जगह पर एक फाइटर जेट हमले करते हुए नष्ट होता हुआ दिख रहा है.
दावा: इस पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ईरान के मरुस्थल में अमेरिकी एयर क्रॉफ्ट को नष्ट किया गया है.
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
यह वीडियो असली नहीं है बल्कि गेमिंग वीडियो है.
इस वीडियो का इजरायल-ईरान और अमेरिका के युद्ध से कोई संबंध नहीं है.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें यही वीडियो कुछ अन्य इस्टाग्राम रील और यूट्यूब शॉर्ट्स (यहां और यहां ) पर मिली, जिनमें से एक वीडियो पर redgaming88 लिखा हुआ था.
यहां से अंदाजा लगाकर हमने इससे सम्बंधित कीवर्ड्स सर्च किए, हमारी सर्च में हमें Red Gaming नाम के पेज का इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट मिला. इस पेज की पड़ताल करने पर हमें यह वायरल वीडियो भी मिला.
इन दोनों अकाउंट पर इस वीडियो को 03 मार्च 2026 को अपलोड किया गया था और इसके टाइटल में लिखा था, "मित्सुबिशी F-2 पायलट ने रेगिस्तानी टैंक डिवीज़न पर अपना दबदबा बनाया." (अंग्रेजी से हिंदी में अनुवाद)
इस अकाउंट पर कहीं भी इस वीडियो को ईरान-इजरायल युद्ध का जोड़कर नहीं बताया गया था. इसके साथ ही हमने देखा कि redgaming881 के फेसबुक और इंस्टाग्राम अकॉउंट पर इसी तरह के गेमिंग और सिम्युलेटर वीडियो डाले जाते हैं.
इससे सम्बंधित कीवर्ड्स सर्च करने पर हमें ऐसी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली जिसमें यह पुष्टि की गई हो कि वायरल वीडियो ईरान के मरुस्थल में अमेरिकी एयर क्रॉफ्ट को नष्ट करने की है.
अमेरिकी विमान गिरने के संबंध में: US Central Command की तरफ से 01 मार्च 2026 को जारी प्रेस रिलीज में दी गई जानकारी के मुताबिक, "ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के समर्थन में उड़ान भर रहे अमेरिका के तीन F-15E स्ट्राइक ईगल विमान, 'फ्रेंडली फायर' (अपनी ही सेना की ओर से हुई गोलीबारी) की एक घटना के कारण कुवैत के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे.
इस सक्रिय युद्ध के दौरान—जिसमें ईरानी विमानों, बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन द्वारा किए गए हमले शामिल थे—अमेरिकी वायु सेना के इन लड़ाकू विमानों को कुवैत की वायु रक्षा प्रणालियों द्वारा गलती से मार गिराया गया था."
इस वायरल वीडियो का इस घटनाक्रम से कोई संबंध नहीं है ना ही इस वीडियो को लेकर किसी भी तरह की कोई आधिकारिक पुष्टि मौजूद है.
निष्कर्ष: सिम्युलेटर गेमिंग वीडियो में क्षतिग्रस्त होते फाइटर जेट के वीडियो को ईरान-इजरायल युद्ध से जोड़कर अमेरिका का एयरक्राफ्ट बताकर भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है.
इस वीडियो के बारे में अधिक जानकारी जुटाने एक लिए हमने Red Gaming पेज के एडमिन से भी संपर्क किया है. उनका जवाब आने पर इस रिपोर्ट को अपडेट किया जाएगा.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
