सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है जिसमें श्रम एवं परिवहन मंत्री कार्यालय के बाहर बीजेपी नेता और कार्यकर्ताओं को बीजेपी का झंडा फहराते हुए देखा जा सकता है.
दावा: इस वीडियो को RJD के आधिकारिक हैंडल से शेयर कर दावा किया जा रहा है कि, "हालिया स्वतंत्रता दिवस पर बीजेपी नेताओं ने सरकारी दफ्तर में राष्ट्रीय ध्वज की जगह बीजेपी का झंडा फहराकर स्वतंत्रता सेनानियो का अपमान किया है."
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
यह वीडियो हालिया नहीं है, बल्कि पुराना है.
यह वीडियो बैरकपुर में पश्चिम बंगाल सरकार में श्रम एवं परिवहन विभाग में मंत्री अर्जुन सिंह के दफ्तर के उद्घाटन का है, जो 6 जुलाई 2026 को हुआ था.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें यह वीडियो फेसबुक पर अर्जुन सिंह की इस पोस्ट पर मिला जिसे 06 जुलाई 2026 को अपलोड किया गया था.
अर्जुन सिंह के प्रोफाइल को चेक करने पर हमने पाया कि अर्जुन सिंह पश्चिम बंगाल सरकार में श्रम एवं परिवहन विभाग में प्रभारी मंत्री है.
यहां से अंदाजा लगाकर हमने अर्जुन सिंह के अन्य सोशल मीडिया एकाउंट्स चेक किए, हमारी सर्च में हमें उनके आधिकारिक X अकाउंट पर यह पोस्ट मिली जिसमें उन्होंने खुद इन वायरल दावों का खंडन किया था.
अर्जुन सिंह ने इस वीडियो के बारे में जानकारी देते हुए पोस्ट में लिखा था कि, "यह वीडियो स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम का नहीं है. यह वीडियो बैरकपुर में मेरे ऑफ़िस के उद्घाटन का है, जो 6 जुलाई 2026 को हुआ था. विपक्षी पार्टियां मेरे खिलाफ झूठा प्रचार और गुमराह करने वाली बातें फैला रही हैं."
हमारी सर्च में हमें अर्जुन सिंह की यह फेसबुक पोस्ट भी मिली जहां उन्होंने इन दावों का खंडन करते हुए इन्हें भ्रामक बताया था.
अर्जुन सिंह की इन सभी पोस्ट्स में इस वायरल वीडियो अपलोड करने की तारीख 06 जुलाई 2026 देखी जा सकती है, जिससे यह साफ होता है कि यह वायरल वीडियो, हालिया 15 अगस्त का नहीं है बल्कि इससे पहले से इंटरनेट पर मौजूद है.
निष्कर्ष: बीजेपी का झंडा फहराते बीजेपी नेता के पुराने वीडियो को हालिया स्वतंत्रता दिवस दिवस का बताकर भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है.
