पूर्व थल सेना अध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवणे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इस वीडियो में वो भारत की सीमा सुरक्षा को लेकर कुछ गंभीर सवाल उठाते दिख रहे हैं. वायरल हो रहे वीडियो में पूर्व सेनाध्यक्ष कहते दिख रहे हैं कि
'मैंने इंडियन आर्मी में 41 साल सेवा की है और इस दौरान मैंने कई कठिन परिस्थितियां देखी हैं. लेकिन, पिछले कुछ वर्षों में जो हालात बने हैं उन्होंने मुझे गहरी चिंता में डाल दिया है. आज मुझे अपनी सेना की स्थिति, तैयारी और भविष्य को लेकर गंभीर सवाल दिखाई देते हैं. पाकिस्तान के साथ 10 मई को हुए संघर्ष के दौरान हमारे विमानों के गिरने की कई रिपोर्ट्स सामने आईं. इस घटना ने हमारी सैन्य तैयारी और योजना को लेकर कई सवाल खड़े किए. इसके साथ ही चीन के साथ भी हमारा तनाव बढ़ा है. इससे सीमा सुरक्षा और सैन्य तैयारी को लेकर चिंता और गहरी हो गई है. अरुणाचल के संबंध में भी स्थिति को गंभीरता से समझना होगा. चीन के लगभग 25 किलोमीटर तक अंदर बढ़ने की बातें सामने आई हैं और हम उसे प्रभावी रूप से रोकने में सफल नहीं हो पा रहे हैं.'
क्या ये सच है ? : नहीं वायरल वीडियो असली नहीं बल्कि AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के जरिए एडिट किया गया है. 30 मार्ट 2026 को जनरल नरवणे ने अपने रिटायरमेंट के वक्त एक भाषण दिया था. इसी भाषण के वीडियो को AI से एडिट किया गया है.
हमने ये सच कैसे पता लगाया ? : वायरल वीडियो को गूगल लेंस के जरिए सर्च करने पर हमें न्यूज एजेंसी ANI का 30 मार्च 2026 का पोस्ट मिला, जिसमें जनरल नरवणे का असली वीडियो है.
इस पूरे बयान में जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने कहीं भी भारत - चीन सीमा को लेकर वैसी कोई बात नहीं कही, जैसा कि वायरल वीडियो में है.
हमने AI पहचानने वाले टूल Hive Moderation पर इस वीडियो को चेक किया, नतीजों में सामने आया कि वीडियो में जो ऑडियो इस्तेमाल किया गया है उसके AI से बने होने की संभावना 99.3% है. जाहिर है कि जनरल नरवणे के भाषण से पहले ऑडियो हटाया गया फिर उसमें फेक ऑडियो जोड़ा गया.
निष्कर्ष : सोशल मीडिया पर पूर्व सेना अध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवणे के वीडियो में एक फेक ऑडियो जोड़ा गया, इसके बाद ये गलत दावा किया गया कि उन्होंने भारत - चीन सीमा को लेकर बड़े खुलासे किए हैं.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर आईडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
