सोशल मीडिया पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बयान का बताकर एक ग्राफिक शेयर किया जा रहा है जिसमें लिखा है कि, "प्रधानमंत्री मोदी जी जाते जाते पूरी पार्टी को ले डुबेंगे ऐसा महसूस होने लग गया है इतनी बड़ी पार्टी का अंत इतनी जल्दी ही जायेगा सपने में भी नहीं सोचा था, रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री, दिल्ली."
इस ग्राफिक में लिखी गई बातों को रेखा गुप्ता का बयान बताकर शेयर किया जा रहा है.
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
यह ग्राफिक फर्जी है, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस तरह का कोई बयान नहीं दिया है.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने इस वायरल ग्राफिक की पड़ताल के लिए गूगल पर इससे संबंधित कीवर्ड्स सर्च किए लेकिन हमारी सर्च में हमें ऐसी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली जिसमें सीएम रेखा के इस तरह का कोई बयान देने की पुष्टि की गई हो.
अगर रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी की आलोचना करते हुए ऐसा कोई बयान दिया होता, तो यह एक बड़ी राजनीतिक घटना होती और मीडिया में इसकी चर्चा जरूर होती.
इसके उलट हमें कई ऐसी हालिया न्यूज रिपोर्ट्स मिलीं जिनमें रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी की तारीफ की थी. हमें 'आज तक' की न्यूज रिपोर्ट मिली, जिसमें रेखा गुप्ता ने कहा: "मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करती हूं कि केंद्र और दिल्ली में एक ही विजन वाली सरकारें होने का लाभ अब दिल्ली के विकास में दिखाई दे रहा है. प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में, दिल्ली के विकास के लिए आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के तहत एक अलग 'राजधानी विकास विभाग' (Department of Capital Development) बनाया गया है."
इसके सिवा हमने इस बयान को लेकर बीजेपी दिल्ली के प्रवक्ता अनिल गुप्ता से बात की जिन्होंने हमें बताया कि, "यह ग्राफिक फेक है, रेखा गुप्ता ने इस तरह का कोई भी बयान नहीं दिया है." उन्होंने कहा कि, "पहली नजर में ही देखने पर यह ग्राफिक फेक मालूम पड़ता है कोई भी मुख्यमंत्री अपने वरिष्ठ नेतृत्व को लेकर इस तरह की बयानबाजी नहीं करेगा."
निष्कर्ष: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नाम से एक फर्जी बयान शेयर कर यह दावा किया जा रहा है कि उन्होंने पीएम मोदी की आलोचना की है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
