सोशल मीडिया पर पूर्व बीजेपी सांसद रमेश बिंद का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह ब्राह्मण-विरोधी बयान देते हुए दिख रहे हैं. वीडियो को हालिया बताकर दावा किया जा रहा है कि यह बीजेपी सांसद रमेश बिंद का हालिया बयान है.
वीडियो में क्या कह रहे हैं रमेश बिंद ? रमेश बिंद वीडियो में कह रहे हैं, "अगर ब्राह्मण एक बिंद को पीटते हैं तो कंफर्म सैंकड़ों ब्राह्मणों को पिटवाते हैं, तब जाकर के वो सही होते है."
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
यह वीडियो हालिया नहीं है बल्कि 2019 का है.
रमेश बिंद ना अब सांसद है और ना ही बीजेपी में है वह 2014 से समाजवादी पार्टी का हिस्सा है.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो से सम्बंधित कीवर्ड्स सर्च किए. हमारी सर्च में हमें यही वीडियो ABP न्यूज के चैनल पर मिली जिसे 01 मई 2019 को अपलोड किया गया था.
इस वीडियो के टाइटल में लिखा था, "बीजेपी उम्मीदवार ने ब्राह्मणों के लिए अपमानजनक शब्द कहे."
इसके सिवा हमें यही वीडियो The Lallantop की इस न्यूज रिपोर्ट में मिली जिसे 30 अप्रैल 2019 को अपलोड किया गया था. इस रिपोर्ट के मुताबिक यह वीडियो जनवरी 2019 का है. रिपोर्ट के मुताबिक भदोई के लोहिया इंटर कॉलेज परिसर में हुई एक मीटिंग के दौरान बीजेपी प्रत्याशी रमेश बिंद ने यह बयान दिया था.
पोस्ट में भ्रामक क्या है ? यह बात सही है कि रमेश बिंद ने यह बयान दिया है लेकिन यह बयान 2019 का है और इसका हालिया घटनाक्रमों से कोई संबंध नहीं है. इसके सिवा Times of India में छपी इस रिपोर्ट के मुताबिक रमेश बिंद अब बीजेपी में नहीं है वह 2024 के चुनावों के दौरान मिर्जापुर से INDIA ब्लॉक के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़े थे. वह अब सांसद भी नहीं है, वायरल पोस्ट में किया गया यह दावा भ्रामक है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
