सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है जिसमें दुबई की सबसे ऊंची इमारतों में एक मानी जाने वाली बुर्ज खलीफा पर पीएम मोदी के जन्मदिन की शुभकामनाएं लिखी हुई देखीं जा सकती हैं.
दावा: इस वीडियो को हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है कि, "पीएम मोदी के 76वें जन्मदिवस पर दुबई से आई खास बधाई. दुनिया की सबसे ऊंची इमारत, बुर्ज खलीफा पर पीएम मोदी को दी गई बधाई."
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
यह वीडियो हालिया नहीं है, बल्कि एक साल पुराना है.
इस वीडियो का पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन से कोई संबंध नहीं है.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें यही वीडियो केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की इस X पोस्ट में मिली जिसे 17 सितंबर 2025 को अपलोड किया गया था.
हमारी सर्च में हमें MyGov के आधिकारिक YouTube चैनल पर शेयर किया गया यह वीडियो भी मिला, जो वायरल वीडियो जैसा ही था.
इस वीडियो के साथ दी गई जानकारी से पता चला कि इसे असल में सितंबर 2025 में शेयर किया गया था, जब PM मोदी के 75वें जन्मदिन के मौके पर बुर्ज खलीफा को रोशन किया गया था.
MyGov द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो के लंबे वर्जन में देखा जा सकता है कि इसमें PM मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर बधाई दी गई थी.
हमारी सर्च में हमें कई ऐसी न्यूज रिपोर्ट मिलीं जिनमें लिखा था कि 17 सितंबर, 2025 को दुनिया की सबसे ऊंची इमारत, दुबई के बुर्ज खलीफा पर भारत के तिरंगे की रोशनी की गई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के मौके पर उन्हें बधाई देने के साथ-साथ उनकी तस्वीरें भी दिखाई गईं.
इसके सिवा हमारी सर्च में हमें Times of India और NDTV की यह न्यूज रिपोर्ट मिली जिनमें वायरल वीडियो से मेल खाते हुए दृश्य थे और इनमें इस वीडियो को पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन का बताया गया था जो कि सितम्बर 2025 में गुजरा है.
इससे सम्बंधित कीवर्ड्स सर्च करने पर हमें ऐसी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली जिनमें 2026 में पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर दुबई के बुर्ज खलीफा से पीएम मोदी को बधाई देने की पुष्टि की गई हो.
निष्कर्ष: दुबई के बुर्ज खलीफा पर पीएम मोदी के जन्मदिन के बधाई संदेश का पुराना वीडियो हालिया बताकर भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
