नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद बड़े पैमाने पर तबाही के मंजर सामने आए. इसी बीच सोशल मीडिया पर पहाड़ से बर्फ खिसकने का एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि नेपाल में बाढ़ आने का पहला वीडियो यही है.
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
वायरल वीडियो में नेपाल में बाढ़ नहीं दिख रही है. असल में ये वीडियो जुलाई 2026 में पेरू के कुस्को में हुमंताय झील पर आए हिमस्खलन (avalanche) का है.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स पर रिवर्स इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया जिसमें हमें यही वीडियो 27 जुलाई 2026 को एक मैक्सिकन यूजर के फेसबुक अकाउंट पर अपलोड किया हुआ मिला.
इस पोस्ट में पेरू (Peru) जैसे हैशटैग का इस्तेमाल किया गया था.
इसके सिवा हमारी सर्च में हमें एक स्पैनिश मीडिया पेज के इंस्टाग्राम अकाउंट पर यही वीडियो मिला जिसके कैप्शन में स्पैनिश भाषा में बताया गया था कि, "पेरू के कुस्को में हुमंताय लैगून घूमने गए पर्यटकों के एक ग्रुप ने बर्फ के एवलांच (बर्फ के बड़े ढेर का खिसकना) को बर्फ से ढके माउंट हुमंताय की ढलानों से नीचे गिरते हुए कैमरे में कैद किया." (अनुवादित)
इस वीडियो के बारे में आगे लिखा था कि "यह वीडियो पेरू के कुस्को में हुमंताय झील पर पर्यटकों द्वारा रिकॉर्ड किया गया Avalanche एवलांच (बर्फ़ का खिसकना) है." इसमें इंस्टाग्राम यूजर @memomtz88 को क्रेडिट दिया गया था. यही वही फेसबुक अकाउंट था जिससे 27 जुलाई 2026 को यह वीडियो अपलोड किया गया था.
इससे सम्बंधित कीवर्डस सर्च करने पर हमें एक 28 जुलाई 2026 को छपी स्पेनिश न्यूज वेबसाइट की इस रिपोर्ट में वायरल वीडियो पर की गई रिपोर्ट मिली जिसके बारे में लिखा था, "कुस्को की सबसे लोकप्रिय प्राकृतिक जगहों में से एक, हुमंताय लैगून घूमने गए पर्यटकों के एक समूह को अचानक हिमस्खलन (avalanche) का सामना करना पड़ा. पहाड़ की ढलानों से बर्फ और बर्फ के टुकड़ों के गिरने से पर्यटकों के बीच तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई और खतरे को देखते हुए उन्हें तुरंत उस जगह से हटना पड़ा."
मीडिया में छपी रिपोर्ट्स के मुताबिक नेपाल में बाढ़ 26 अगस्त 2026 को आई है जबकि यह वायरल वीडियो उससे एक महीने पहले जुलाई से इंटरनेट पर मौजूद है. इससे यह साफ होता है कि वायरल वीडियो का नेपाल में आई बाढ़ से कोई संबंध नहीं है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
