सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कुछ लोगों को एक प्रदर्शन के दौरान कागज के टुकड़े से मेल खाती हुई किसी चीज को मुंह से फाड़ते हुए देखा जा सकता है.
दावा: इस वीडियो को महिला आरक्षण बिल से जोड़कर शेयर किया जा रहा है और कैप्शन में लिखा गया है कि महिला आरक्षण बिल के विरोध में एसपी-कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जामा मस्जिद के सामने "सैनिटरी पैड" फाड़कर प्रदर्शन किया है.
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
यह वीडियो भारत का नहीं है बल्कि पाकिस्तान में 2023 में हुए इजरायली विरोधी प्रदर्शनों का है.
पूरे वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रदर्शनकारी मुंह से सैनिटरी पैड नहीं बल्कि इजरायल का झंडा फाड़ रहे हैं.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें इसी X यूजर की एक अन्य पोस्ट में यही वीडियो मिला जिसमें इस यूजर ने इसी वीडियो को पाकिस्तान का बताया था.
एक ही वीडियो को अलग-अलग घटना का बताने पर दोनों पोस्ट को ही विश्वसनीय नहीं माना जा सकता था.
यहां से अंदाजा लगाकर हमने गूगल लेंस सर्च को आगे बढ़ाया और इंटरनेट पर इससे सम्बंधित कीवर्ड्स भी सर्च किए. हमारी सर्च में हमें इससे मेल खाता हुआ वीडियो Big Breaking Wire नाम के X अकाउंट पर मिला जिसे 13 अक्टूबर 2023 को अपलोड किया गया था.
इस वीडियो के बारे में जानकारी देते हुए लिखा हुआ था कि, "पाकिस्तान में इजरायल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. पाकिस्तान में विरोध प्रदर्शन के दौरान लोग अपने दांतों से इजरायल का झंडा फाड़ रहे हैं." अजीब बात है."
हमारी सर्च में हमें अब्दुलहक ओमेरी नाम के पाकिस्तानी पत्रकार के आधिकारिक X अकाउंट पर यही वायरल वीडियो मिला जिसे पाकिस्तान का बताया गया था और इसके कैप्शन में लिखा था कि पाकिस्तान में प्रदर्शनकारियों ने इजरायल का झंडा मुंह से फाड़ा.
हमारी सर्च में हमें तुर्की की न्यूज वेबसाइट jonturk.tr पर वायरल वीडियो के बारे में 2023 की यह न्यूज रिपोर्ट मिली जिसमें लिखा था कि, "पाकिस्तान की ओर से इजरायल के खिलाफ एक अजीबोगरीब विरोध प्रदर्शन: उन्होंने इसे खा लिया, वे इसे निगल गए."
निष्कर्ष: इजरायल का झंडा फाड़ते पाकिस्तानी प्रदर्शनकारियों के पुराने वीडियो को भारत में महिला आरक्षण बिल के विरोध में सैनेटरी पैड फाड़ने का बताकर भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
