सोशल मीडिया पर ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा का एक वीडियो वायरल है, जिसमें पुलिसकर्मी उन्हें अपने साथ ले जाते हुए दिख रहे हैं.
यूजर्स इस वीडियो को पश्चिम बंगाल की एक जिला अदालत की ओर से महुआ मोइत्रा के खिलाफ जारी किए गए गिरफ्तारी वारंट से जोड़कर शेयर कर रहे हैं. यह वारंट कथित तौर पर धार्मिक भावनाएं आहत करने से जुड़े एक हेट स्पीच मामले में जारी किया गया था.
क्या यह सच है?: नहीं, यह दावा गलत है. वायरल वीडियो पुराना है और दिल्ली का है.
यह वीडियो अक्टूबर 2023 का है, जिसमें दिल्ली पुलिस महुआ मोइत्रा को हिरासत में लेती नजर आ रही है.
इस रिपोर्ट के लिखे जाने तक ऐसी कोई रिपोर्ट सामने नहीं आई है जिससे पुष्टि होती हो कि महुआ मोइत्रा को हेट स्पीच के किसी मामले में पुलिस ने हिरासत में लिया हो.
हमने ये सच कैसे पता लगाया?: रिवर्स इमेज सर्च के जरिए हमें टाइम्स ऑफ इंडिया के वेरिफाइड YouTube चैनल पर 4 अक्टूबर 2023 को शेयर किया गया एक वीडियो मिला.
वीडियो के डिस्क्रिप्शन में बताया गया था कि महुआ मोइत्रा समेत TMC के कई नेताओं को नई दिल्ली स्थित कृषि भवन से जबरन बाहर निकाला गया और बाद में उन्हें हिरासत में ले लिया गया था.
इन नेताओं ने तत्कालीन ग्रामीण विकास राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति से मुलाकात के लिए धरना दिया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंत्री ने उन्हें तीन घंटे से ज्यादा इंतजार कराने के बाद मिलने से इनकार कर दिया था.
महुआ मोइत्रा ने भी यही वीडियो अपने आधिकारिक X अकाउंट पर शेयर किया था.
Hindustan Times में 6 अक्टूबर 2023 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, TMC नेता केंद्र सरकार की ओर से पश्चिम बंगाल के मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) के कथित बकाया रोके जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे.
मोइत्रा ने Hindustan Times को बताया था कि साध्वी निरंजन ज्योति ने पहले उनसे मिलने का समय दिया था, लेकिन तीन घंटे से ज्यादा इंतजार करने के बावजूद उनसे मुलाकात नहीं की. इसके बाद मोइत्रा ने ज्योति को "झूठा" कहा था। ज्योति ने दावा किया था कि वह TMC के प्रतिनिधिमंडल का इंतजार कर रही थीं, लेकिन वे उनसे मिलने नहीं आए.
टीम वेबकूफ ने 2023 में भी इसी वीडियो के साथ वायरल किए जा रहे एक अन्य दावे का फैक्ट-चेक किया था. तब सोशल मीडिया यूजर्स ने गलत दावा किया था कि वीडियो में महुआ मोइत्रा को लोकसभा से निष्कासित किए जाने के बाद बाहर ले जाया जा रहा है.
निष्कर्ष: TMC सांसद महुआ मोइत्रा को हिरासत में लेते पुलिसकर्मियों का पुराना वीडियो हाल का बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
