सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक घर में से आग की लपटें उठती हुई दिख रही है. इस वीडियो को हालिया ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच जारी युद्ध का बताकर शेयर किया जा रहा है.
दावा: इस पोस्ट को इस दावे के साथ शेयर किया जा रहा है कि, "ईरान की मिसाइलों ने नेवातिम एयरबेस पर हमला किया है, जो इजरायली वायु सेना के सबसे रणनीतिक ठिकानों में से एक है."
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
यह वीडियो हालिया नहीं है 2023 का है इसका हालिया ईरान-इजरायल युद्ध से कोई संबंध नहीं है.
वायरल वीडियो में 29 अक्टूबर 2023 को किर्यात शमोना में एक घर पर रॉकेट गिरने की घटना को दिखाया गया है.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें The Jerusalem Post की 29 अक्टूबर 2023 की यह न्यूज रिपोर्ट मिली जिसमें वायरल वीडियो से मेल खाते हुए दृश्य देखे जा सकते थे.
वायरल वीडियो में नजर आ रही महिला फायर फाइटर, घर की दीवार, जाली एहस अभी चीजें The Jerusalem Post की न्यूज रिपोर्ट से मेल खा रहे थे.
The Jerusalem Post में इस तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा था, "किर्यात शमोना में एक घर पर रॉकेट गिरा, 29 अक्टूबर, 2023."
Times of Israel की इस न्यूज रिपोर्ट में यह पुष्टि की गई थी कि 29 अक्टूबर 2023 को किर्यात शमोना में एक रॉकेट गिरा था, जिससे एक घर में आग लग थी. वायरल वीडियो के दृश्य इस रिपोर्ट से भी मेल खा रहे थे.
इससे सम्बंधित कीवर्ड्स सर्च करने पर हमने पाया कि हाल ही में ईरान के इजरायल के नेवातिम एयरबेस पर हमला करने की कोई आधिकारिक रिपोर्ट नहीं है, इसके साथ ही नेवातिम एयरबेस पर हुए पुराने ईरानी हमलों से भी इस वीडियो का कोई संबंध नहीं है.
निष्कर्ष: 2023 में इजरायल के किर्यात शमोना में राकेट गिरने के पुराने वीडियो को इजरायल के नेवातिम एयरबेस पर हुए हालिया हमले का बताकर भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
