सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है जिसमें कुछ बीजेपी कार्यकर्ता बीजेपी के और काले झंडे हाथ में लेकर गाड़ियों के एक काफिले के सामने खड़े होकर विरोध कर रहे हैं.
दावा: इन पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि, "देखो बेगूसराय में भाजपा के गिरिराज सिंह को UGC का विरोध झेलना पड़ रहा है? "
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
यह वीडियो हालिया नहीं है बल्कि 2024 में बीजेपी नेता गिरिराज सिंह के खिलाफ किए गए विरोध-प्रदर्शन का है.
गिरिराज सिंह के खिलाफ यह प्रदर्शन UGC के विरोध में नहीं किया गया था बल्कि इन कार्यकर्तओं का आरोप था कि गिरिराज सिंह ने बेगूसराय में कुछ काम नहीं कराए हैं.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें हिंदुस्तान अखबार की न्यूज वेबसाइट की यह रिपोर्ट मिली जिसमें वायरल वीडियो से मेल खाते हुए दृश्य और लोग नजर आ रहे थे.
इस रिपोर्ट को 10 मार्च 2024 को पब्लिश किया गया था और इसमें लिखा था कि, "केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय में अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं का विरोध झेलना पड़ा."
इसके सिवा हमारी सर्च में हमें Bihar Tak के चैनल पर 10 मार्च 2024 को पब्लिश की गई इस रिपोर्ट में यही वीडियो मिला जिसके साथ लिखा था कि, "Giriraj Singh को झेलना पड़ा विरोध, Begusarai में काफिला रोककर लगाया मुर्दाबाद के नारे!."
गिरिराज सिंह का यह विरोध क्यों किया गया था इस पर स्पष्टता के लिए हमने इससे सम्बंधित कीवर्ड्स सर्च किए. हमारी सर्च में हमें BBC News Hindi की यह न्यूज रिपोर्ट मिली जिसमें केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के खिलाफ हुए इस विरोध प्रदर्शनों की वजह विस्तार से बताई गई थी.
बीबीसी हिंदी में छपी इस रिपोर्ट के मुताबिक विरोध करने वाले एक अहम् कार्यकर्ता विनोद राय का आरोप है कि "प्रधानमंत्री मोदी की वजह से केंद्र सरकार की योजनाओं पर काम हो रहा है लेकिन पांच साल के कार्यकाल में गिरिराज सिंह किसी गांव में नहीं रुके. वह कहते हैं कि उन्होंने गांव में एक हैंडपंप तो छोड़ दीजिए, गाय बांधने का एक खूंटा तक नहीं लगवाया है."
UGC ने 13 जनवरी 2026 को कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भेदभाव को रोकने के लिए नए नियम जारी किए थे. जबकि यह वायरल वीडियो 2024 से इंटरनेट पर मौजूद है. जाहिर है इस घटना का UGC की हालिया नई गाइडलाइन से कोई संबंध नहीं है.
निष्कर्ष: गिरिराज सिंह के खिलाफ दो साल पहले हुए विरोध प्रदर्शन का वीडियो हालिया UGC विवाद से जोड़कर भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
