सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें स्कूल ड्रेस पहने हुए एक लड़की को उफनती हुई नदी को रस्सी पर लटक कर वह नदी पार करते हुए देखा जा सकता है.
दावा: इस पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि, "भारत के कुछ हिस्सों में आज भी स्कूल जाने के लिए छात्र-छात्राओं का संघर्ष जारी है. बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार करके स्कूल जाते हैं."
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
यह वीडियो भारत का नहीं है बल्कि कोलंबिया का है. इसे जून 2022 में प्यूर्टो मॉस्किटो गांव में रिकॉर्ड किया गया था.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें यही वीडियो X (पूर्व में ट्विटर) पर एक स्पेनिश मीम पेज पर दिखाई दिया, जिसे 15 जून 2022 को अपलोड किया गया था और इसके कैप्शन में स्पेनिश भाषा में लिखा था, "उरिबिस्टा कहते हैं कि जो लोग पढ़ाई नहीं करते, वे इसलिए नहीं करते क्योंकि वे ऐसा करना नहीं चाहते. और असलियत यह है." (स्पेनिश से हिंदी में अनुवादित)
हमने इससे सम्बंधित कीवर्ड सर्च किया और यह पाया कि उरीबिस्ट कोलंबिया के पूर्व राष्ट्रपति अल्वारो उरीबे के वफादार समर्थकों को कहा जाता है.
यहां से अंदाजा लगाकर हमने स्पेनिश और अंग्रेजी भाषा में इससे सम्बंधित कीवर्ड सर्च किए, हमारी सर्च में हमें यही वीडियो इस फेसबुक पोस्ट पर दिखाई दिया, इस वीडियो के कैप्शन में लिखा था, "कोलंबिया के एक छोटे से गांव में, स्कूली बच्चे स्कूल जाने के लिए जिप लाइन का इस्तेमाल करके नदियां पार करते हैं."
हमारी सर्च में हमें इस X पोस्ट पर भी यह वीडियो दिखाई दिया जिसे 15 जून 2022 को अपलोड किया गया था.
इस वीडियो के कैप्शन में लिखा था, "#Magdalena #SantaMarta शहर के प्यूर्टो मॉस्किटो ग्रामीण इलाके के लड़के-लड़कियां अपनी जान जोखिम में डालकर, क्लास में जाने के लिए पुली के सहारे गैरा नदी पार करते हैं. आदिवासी नेता किसी बड़ी दुर्घटना के होने से पहले पुल बनाने की मांग कर रहे हैं."
यहां दिए गए कीवर्ड्स का अंदाजा लगाकर हमने इससे सम्बंधित गूगल सर्च किया और हमारी सर्च में हमें जून 2022 की कुछ न्यूज रिपोर्ट्स मिलीं (यहां, यहां और यहां ) जिनमें यह वीडियो शामिल थीं.
इन न्यूज रिपोर्ट्स में लिखा था, "कोलंबिया के सांता मार्टा के ग्रामीण इलाके में प्यूर्टो मॉस्किटो गांव के माता-पिता और शिक्षकों द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो से पता चलता है कि स्कूल जाने वाले बच्चों को रोजाना कितना गंभीर खतरा उठाना पड़ता है.
ये वे बच्चे हैं जिन्हें स्कूल जाने के लिए केबल कार से लटककर गैरा नदी पार करनी पड़ती है.यह प्यूर्टो मॉस्किटो गांव में होता है."
निष्कर्ष: कोलंबिया में उफनती नदी को पार कर स्कूल का रास्ता तय करते छात्राओं के वीडियो को भ्रामक का बताकर भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
