सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि एक महिला ऑटो में बैठी हुई है और वहीं बाइक पर मौजूद एक युवक उस लड़की को परेशान करता है और उसके साथ छेड़छाड़ की कोशिश करता है.
दावा: इस वीडियो को बिहार के गोपालगंज में हुई असली घटना का बताकर शेयर किया जा रहा है.
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
यह वीडियो असली घटना का नहीं है बल्कि यह एक स्क्रिप्टेड वीडियो है.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें विकास कुमार नाम के यूजर के इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस वीडियो से सम्बंधित कई वीडियो मिले.
इनमें से कई पोस्ट में (यहां, यहां और यहां) इस वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए इसे स्क्रिप्टेड वीडियो बताया गया था.
ऐसे ही एक वीडियो में यह दोनों खुद को कंटेंट क्रिएटर बताते हैं और अपनी पहचान विकास और प्रिया पटेल बताते हैं. वीडियो में दोनों ने बताया कि वायरल क्लिप स्क्रिप्टेड थी और यह कोई असली घटना नहीं है. उन्होंने जनता से माफी मांगी और कहा कि अगर वीडियो से किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची हो तो वो खेद जताते हैं.
हमने देखा की इस इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो में नजर आ रहे दोनों लोगों के और भी कई स्क्रिप्टेड वीडियो थे.
निष्कर्ष: युवती से छेड़छाड़ का स्क्रिप्टेड वीडियो बिहार में हुई असली घटना का बताकर शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
