बिहार के भोजपुर में 17 जून 2026 को पुलिस एनकाउंटर में भरत भूषण तिवारी नाम के शख्स की मौत हो गई थी. भरत भूषण तिवारी की मौत के बाद उनके गांव के लोगों में आक्रोश है क्योंकि उनका आरोप है कि भरत भूषण तिवारी का फर्जी एनकाउंटर किया गया है. जबकि पुलिस का दावा है कि उन्होंने आत्मरक्षा में यह कार्रवाई की है.
दावा: इस बीच सोशल मीडिया पर दो अलग-अलग वीडियो और तस्वीरें शेयर कर इन्हें भरत भूषण तिवारी के अंतिम संस्कार का बताया जा रहा है. कुछ यूजर्स ने इस वीडियो को इस कैप्शन के साथ शेयर किया है, "भरत तिवारी की अंतिम यात्रा में जुटी ये भीड़ ही बता रही है कि उसका एनकाउंटर लोगों को कितना गलत लगा."
पहला वीडियो:
पहले वीडियो में एक शवयात्रा नजर आती है जिसके आस पास भारी भीड़ नजर आ रही है. इसे भरत भूषण तिवारी की शवयात्रा का बताया जा रहा है.
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
यह वीडियो भरत भूषण तिवारी की अंतिम यात्रा का नहीं है.
यह वीडियो बिहार का नहीं बल्कि राजस्थान का है और इसमें वहां के एक क्षेत्रीय पत्रकार गोविंद सेन की अंतिम यात्रा दिखाई गई है.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें यही वीडियो nimaj_vala83 नाम के इस इंस्टाग्राम अकाउंट पर दिखाई दिया जिसे 10 मार्च 2026 को अपलोड किया गया था.
भरत भूषण का एनकाउंटर 17 जून 2026 को हुआ है जबकि यह वीडियो उससे पहले से इंटरनेट पर मौजूद था जिससे यह साफ हो गया कि यह वीडियो भरत भूषण के एनकाउंटर का नहीं है.
वायरल वीडियो की पड़ताल में हमने पाया कि शवयात्रा का यह वीडियो राजस्थान के निमाज कस्बे के रहने वाले क्षेत्रीय पत्रकार गोविन्द सेन की है. हमने इस इंस्टाग्राम अकाउंट यूजर से भी संपर्क किया, हनुमान गहलोत ने हमें बताया कि, "यह वीडियो उन्होंने ही बनाई और अपलोड की थी, वायरल वीडियो में राजस्थान के निमाज के पत्रकार गोविंद जी की शवयात्रा दिखाई गई है. गोविंद जानकारी टीवी के नाम से अपना यूट्यूब न्यूज चैनल चलाते थे और उनके क्षेत्र में लोकप्रिय थे."
दूसरा वीडियो:
दूसरे वीडियो में भी देखा जा सकता है कि एक बड़े से मैदान में काफी ज्यादा भीड़ इकठ्ठा है. इस वीडियो को शेयर कर भी यही दावा किया जा रहा है कि इस वीडियो में भरत भूषण तिवारी की अंतिम यात्रा में शामिल होने आए लोगों की भीड़ देखी जा सकती है.
सच क्या है ? यह वीडियो भी भरत भूषण तिवारी की अंतिम यात्रा का नहीं है, पुराना है, और झारखंड के पलामू जिले का है.
वीडियो की पड़ताल: इस वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें यही वीडियो japala_palamu नाम के इस इंस्टाग्राम यूजर के अकाउंट पर दिखाई दिया जिसे 04 जून 2026 को अपलोड किया था.
जैसा की हमने बताया कि भरत भूषण का एनकाउंटर 17 जून 2026 को हुआ था लेकिन यह वीडियो उससे पहले 04 जून 2026 से इंटरनेट पर मौजूद है, इससे यह साफ हो गया कि यह वीडियो भी भरत भूषण की अंतिम यात्रा का नहीं है.
वायरल वीडियो की पुष्टि के लिए हमने 'japala_palamu' अकाउंट के इंस्टाग्राम यूजर से संपर्क किया. उन्होंने हमें बताया कि, "यह वीडियो झारखंड के पलामू जिले के जापला में रिकॉर्ड किया गया था, यहां खनन क्षेत्र में बने गहरे गड्ढे में डूबने से एक शख्स की मौत हो गई थी."
इससे सम्बंधित कीवर्ड्स सर्च करने हमें कुछ न्यूज रिपोर्ट्स मिलीं (यहां और यहां ) जिनमें इस घटना की पुष्टि की गई है.
निष्कर्ष: अलग-अलग घटनाओं के अलग-अलग वीडियो को बिहार में भरत भूषण तिवारी के अंतिम संस्कार के वीडियो बताकर भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
