बिहार के ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री अशोक चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को "मानसिक रूप से अस्थिर" बताया है और सार्वजनिक रूप से उनकी आलोचना की है.
वीडियो में क्या यह रहे हैं अशोक चौधरी?: इस क्लिप में अशोक चौधरी को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, "नीतीश कुमार मानसिक रूप से पागल हो गए हैं, इनका दिमाग खराब हो गया है, इनको चार आदमी पकड़ के रखे हुए हैं."
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
यह वायरल क्लिप अधूरी है और इसमें छेड़छाड़ की गई है.
अशोक चौधरी ने नीतीश कुमार के बारे में ऐसा नहीं बोला है बल्कि वह विपक्ष के नीतीश कुमार के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करने की आलोचना कर रहे थे.
हमने सच का पता कैसे लगाया?: हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें इस वीडियो का एक लंबा वर्जन मिला, जिसे 11 अप्रैल को DD News Bihar ने पोस्ट किया था.
यह पूरा वीडियो लगभग 2 मिनट 42 सेकंड का है और इसमें वायरल क्लिप वाल हिस्सा भी शामिल है.
पूरे वीडियो में उन्हें नीतीश कुमार की तारीफ करते और तेजश्वी यादव समेत विपक्ष पर हमलावर होते दिखते हैं. इस वीडियो में 01 मिनट 43 सेकेंड पर तेजस्वी यादव की बात करते हुए वह कहते हैं कि, "अभी चुनाव के पहले बोलते थे कि नीतीश कुमार मानसिक रूप से पागल हो गए हैं, इनका दिमाग ख़राब हो गया है, इनको चार आदमी पकड़ के रखे हुए हैं, जनता तो दिखा दिया कि पच्चीस सीट पर सिमट गया आरजेडी."
इसके बाद उन्होंने चुनावी नतीजों का हवाला देते हुए और विपक्ष की आलोचना करते हुए विपक्ष के इन आरोपों का जवाब दिया था.
निष्कर्ष: नीतीश कुमार की बुराई करते अशोक चौधरी का अधूरा वीडियो गलत संदर्भ के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
