सोशल मीडिया पर अरविंद केजरीवाल का एक वीडियो शेयर किया जा रहा है जिसमें उन्हें सर्दियों के कपड़े पहने हुए महात्मा गांधी की समाधी के आस पास परिक्रमा (चक्कर लगाते) हुए देखा जा सकता है.
दावा: इस वीडियो को हालिया बताकर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि गर्मी में स्वेटर पहनकर केजरीवाल राजघाट में बापू की समाधि पर परिक्रमा कर रहे हैं.
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
यह वीडियो हालिया नहीं है बल्कि दो साल पुराना है.
वायरल वीडियो 26 फरवरी 2024 का है जब दिल्ली समेत उत्तर भारत में गर्मियां नहीं सर्दी का मौसम होता है.
हमें सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें Times of India और Amar Ujala की 26 फरवरी 2024 की यह न्यूज रिपोर्ट मिली, जिसमें अरविंद केजरीवाल की वायरल वीडियो से मेल खाती हुईं तस्वीरें थीं.
26 फरवरी 2024 को छपी इस रिपोर्ट के मुताबिक, "मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी को एक साल होने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल विरोध के लिए राजघाट पहुंचे थे. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ यहां उनकी कैबिनेट और आम आदमी पार्टी के विधायक पर मौजूद रहे."
यहां से अंदाजा लगाकर हमने इससे सम्बंधित कीवर्ड सर्च किए, हमारी सर्च में हमें अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 26 फरवरी 2024 का यह वीडियो मिला जिसके टाइटल में लिखा था, "CM अरविंद केजरीवाल मनीष सिसोदिया के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए राजघाट पहुंचे."
हमारी सर्च में हमें 26 फरवरी 2024 की Indian Express की यह रिपोर्ट मिली जिसमें वायरल वीडियो से मेल खाते हुए क्लिप थे. वीडियो के बारे में जानकारी देते हुए इस रिपोर्ट में लिखा था, "दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी का एक साल पूरा होने के मौके पर राजघाट का दौरा किया. मनीष सिसोदिया को 26 फरवरी, 2023 को दिल्ली आबकारी नीति मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था."
अरविंद केजरीवाल हाल ही में 28 अप्रैल 2026 को राजघाट गए थे, लेकिन अरविन्द केजरीवाल के आधिकारिक अकाउंट से पोस्ट की गई तस्वीरों से यह साफ होता है कि वायरल क्लिप उनके हाल में किए गए राजघाट दर्शन की नहीं है.
वायरल क्लिप को अरविन्द केजरीवाल के राजघाट जाने की इसी हालिया घटना से जोड़कर शेयर किया जा रहा है, लेकिन यह दावा भ्रामक है. वायरल वीडियो हालिया नहीं पुराना है.
निष्कर्ष: अरविन्द केजरीवाल का पुराना वीडियो जिसमें वह स्वेटर पहन कर महात्मा गांधी की समाधी की परिक्रमा करते नजर आ रहे हैं, हालिया बताकर भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
