"लाल बाबा ने मंच से जब अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया तब उन्हें पर्ची दी गई कि ऐसी भाषा का इस्तेमाल न करें. हिदुत्व को बढ़ाने की बात करें."
ये बात अल्मोड़ा में हिंदू सम्मेलन का आयोजन कराने वाले मनोज सनवाल ने कही. 22 फरवरी को मां नंदा हिंदू सम्मेलन समिति ने कार्यक्रम का आयोजन किया था, जिसमें चित्रगुप्त पीठ के महामंडलेश्वर लाल बाबा ने मुसलमानों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया. जिसके बाद कार्यक्रम के संयोजक मनोज सनवाल ने ही लाल बाबा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. ऐसे में बताते हैं कि लाल बाबा कौन हैं और उनके खिलाफ पुलिस एफआईआर में क्या दर्ज हुआ?
"हिंदुत्व को बढ़ाने के लिए बुलाया गया था"
द क्विंट ने कार्यक्रम के संयोजक और बाबा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने वाले मनोज सनवाल से बात की. उन्होंने बताया. मेरा उनसे कोई परिचय नहीं था. हिंदू सम्मेलन था. कोई संत बोलेगा तो हिंदुत्व का अच्छा संदेश जाएगा. यही सोचकर उन्हें बुलाया गया था. लेकिन उन्होंने भाषा कुछ ऐसी बोल दी कि अमर्यादित हो गई.
"जब वो बोल रहे थे तब उन्हें पर्ची दी गई कि ऐसी भाषा का इस्तेमाल न करे. हिंदुत्व को बढ़ाने के लिए ही भाषा बोले. लेकिन उन्होंने पता नहीं क्या-क्या बोल दिया. हमने इसलिए बुलाया कि वह संत हैं. एक अच्छी भाषा का इस्तेमाल करेंगे. हिदुत्व को बढ़ाने की बात करेंगे."
"पद से लगा कि वे वेदों के ज्ञाता होंगे"
अल्मोड़ा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में 22 फरवरी 2026 को सिमकनी मैदान में आयोजित एक हिन्दू सम्मेलन के दौरान दिए गए भाषण को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है. भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 196(1) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है.
शिकायतकर्ता मनोज सनवाल मां नंदा हिन्दू सम्मेलन समिति से जुड़े हुए हैं. उन्होंने शिकायत में बताया कि 22 फरवरी को समिति के तत्वावधान में सिमकनी मैदान में एक हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया था, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के वक्ताओं को आमंत्रित किया गया था. इसी क्रम में चित्रगुप्त पीठ के महा मंडलेश्वर लाल बाबा को भी कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बुलाया गया था.
"समिति को उनके पद से लगा कि वे वेद, उपनिषदों के ज्ञाता रहे होंगे. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जो टिप्पणी की, उससे कार्यक्रम की गरिमा को ठेस पहुंची."
लाल बाबा ने मंच से कहा था, जिहादी मानसिकता वालों उत्तराखंड छोड़ दो वर्ना जहां मिलोगे वहीं काटूंगा.कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी मंच पर मौजूद थे. लाल बाबा ने पुलिस प्रशासन को भी खुली चुनौती देते हुए कहा था, मैं किसी से डरने वाला नहीं हूं. पुलिस भी अपनी व्यवस्था कर ले. मुझे कोई खतरा नहीं. एक धारा लगे, दो धारा लगे, तीन धारा लगे. मेरी टीम आएगी तो फटाफट ही करूंगा.
