Home Created by potrace 1.16, written by Peter Selinger 2001-2019Hindi Created by potrace 1.16, written by Peter Selinger 2001-2019Webqoof Created by potrace 1.16, written by Peter Selinger 2001-2019उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के घर पर बुलडोजर विवाद का पूरा सच यहां है

उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के घर पर बुलडोजर विवाद का पूरा सच यहां है

बिस्मिल्लाह खान के घर पर सरकार ने बुलडोजर चलाने या किसी और तरह की कोई कार्यवाही नहीं की है.

Faizan Ahmad & सिद्धार्थ सराठे
वेबकूफ
Published:
<div class="paragraphs"><p>उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के घर पर सरकारी बुलडोजर चलने का दावा गलत है</p></div>
i

उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के घर पर सरकारी बुलडोजर चलने का दावा गलत है

(Altered By The Quint)

✕

advertisement

वाराणसी में भारत रत्न शहनाई वादक दिवंगत उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के 90 साल पुराने पैतृक घर का एक हिस्सा ढहा दिया गया है. सोशल मीडिया पर उनके घर का वीडियो वायरल कर यह आरोप लगाया जा रहा है कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के घर पर उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से बुलडोजर चला दिया है.

  • उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के साथ साथ AAP नेता संजय सिंह ने भी घर गिराए जाने को लेकर उत्तरप्रदेश की बीजेपी सरकार को जिम्मेदार ठहराया और सवाल उठाए. अखिलेश ने ये भी कहा कि सरकार बनने पर वो बिस्मिल्लाह खान की याद में श्रवण संग्रहालय बनवाएंगे.

इस पोस्ट का आर्काइव यहां देखें

(सोर्स - स्क्रीनशॉट/X)

(ऐसे ही दावा करने वाली अन्य पोस्ट का आर्काइव आप यहां और यहां देख सकते हैं. )

क्या यह दावा सही है ? : ये दावा सच नहीं है कि बुलडोजर उत्तरप्रदेश सरकार की तरफ से चलाया गया है. उत्तर प्रदेश सरकार और वाराणसी के स्थानीय प्रशासन ने आरोपों से साफ इनकार किया है. बिस्मिल्लाह खान के प्रपोत्र और पोते ने भी ये बयान दिए हैं कि घर को गिराने का कम परिवार आपसी सहमति से कर रहा है. हालांकि, आपसी सहमति के दावों पर सवाल भी खड़े हुए हैं. बिस्मिल्लाह खान की बेटी ज़रीना बेगम ने घर टूटने को लेकर दुख व्यक्त किया है और सरकार से गुहार लगाई है कि संग्रहालय उसी जगह बनाया जाए जहां उस्ताद शहनाई बजाते थे.

बिस्मिल्लाह खान का घर गिराए जाने का सच ? The Indian Express और The Quint की विस्तार से की गई रिपोर्ट्स में बिस्मिल्लाह खान के घर पर हुई तोड़फोड़ के बार में जानकारी देते हुए बताया गया है कि,

  • लगभग 90 साल पुरानी जर्जर इमारत (मकान नंबर CK 46/63) को परिवार के सदस्यों ने ही आंशिक रूप से गिरा दिया, ताकि वहां एक नई इमारत बनाई जा सके.

  • समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इस विध्वंस को भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत पर हमला बताते हुए बीजेपी सरकार की आलोचना की थी.

पोते और परपोते ने कहा - ''परिवार खुद गिरा रहा है घर'' : बिस्मिल्लाह खान के पोते, मोहम्मद सिब्तैन ने बताया कि यह ढांचा खतरनाक रूप से जर्जर हो चुका था; VMC ने इसे संग्रहालय में बदलने का प्रस्ताव दिया था जिसे परिवार ने ठुकरा दिया था. इसके बाद, परिवार के आपसी विवाद को सुलझाने के बाद, मालिकों ने खुद ही इस ढांचे के कुछ हिस्से को गिराया और फिर से निर्माण कार्य करवाया.

  • हमें बिस्मिल्लाह खान के पोते, मोहम्मद सिब्तैन की यह वीडियो बाइट मिली जिसने IANS ने 07 नवंबर 2026 को अपलोड किया था.

  • इस वीडियो में मोहम्मद सिब्तैन कहते हैं कि, "सरकार कोई जबरदस्ती नहीं कर रही है. यह मकान काफी जर्जर हालत में है, जिससे कभी भी हादसा हो सकता है. इसलिए हम सभी संपत्ति मालिक मिलकर इसका पुनर्निर्माण कराने आए हैं. इस पर किसी को कोई आपत्ति नहीं है."

हमने उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के परिवार से संपर्क किया. हमारी बात बिस्मिल्लाह खान के पर पोते गाजी अब्बास से हुई जिन्होंने हमें बताया कि, "मकान को गिराने में सरकार या प्रशासन का कोई रोल नहीं है, परिवार के सभी लोग आपसी सहमति से इस मकान को फिर से बनवा रहे हैं इसके साथ ही बिस्मिल्लह खान साहब के कमरे को भी संरक्षित करने की कोशिश कर रहे हैं."

बिस्मिल्लाह खान की बेटी ने घर टूटने पर दुख जताया : 8 नवंबर 2026 को X पर AAP नेता संजय सिंह ने बिस्मिल्लाह खान की बेटी का एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें ज़रीना बेगम कहती दिख रही हैं

अब ये है कि हमारे बाबा का जो घर है. ये लोग तोड़ रहे हैं. उधर तो वो हथौड़ा चल रहा है, इधर हमारे दिल पर हथौड़ा चल रहा है. अब बस यही हम चाहते हैं सरकार से; सरकार ले लेती तो वो अपना बनाती अपने ढंग से और हमारा दिल भी खुश होता. अब ये लोग कह रहे हैं कि हम बनाएंगे, हम बनाएंगे. हमको इस पर बहुत तकलीफ है. हम क्या करें, रोना आता है. इतनी ताकत नहीं कि अब हमको आंसू भी नहीं निकलता. आंसू निकलते-निकलते हमारे आंसू भी सूख गए. उठते हैं तो कांपते हैं.

घर का हिस्सा गिराए जाने के 7 दिन पहले जब पहली बार बिल्डर की टीम मकान को गिराने पहुंची थी तब परिवार के अंदर ही इसका विरोध हुआ था. दैनिक भास्कर ने इस मामले में रिपोर्ट की थी. परिवार के ही एक सदस्य यावर अब्बास के विरोध और पुलिस बुलाने के बाद चौक थाना पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया. रजिस्ट्री दस्तावेजों की जांच और आपसी बातचीत के बाद इस विवाद को शांत कराया गया था.

ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT

2020 से चल रहा परिवार के बीच घर गिराए जाने को लेकर विवाद

12 अगस्त 2020 - तोड़फोड़ की शुरुआत: वाराणसी में उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के पुश्तैनी मकान में तोड़फोड़ शुरू हुई, जिस कमरे में उस्ताद दशकों तक शहनाई का रियाज करते थे, उसे ढहा दिया गया. यह तोड़फोड़ कथित तौर पर उस्ताद के पोते सिब्तैन हुसैन ने शुरू करवाई थी. उनका इरादा ग्राउंड फ्लोर पर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाने का था.

18 अगस्त 2020 - परिवार के अंदर विरोध तेज: परिवार के बाकी सदस्यों ने इस कदम का कड़ा विरोध किया. मीडिया रिपोर्ट्स में उस्ताद की बेटी जरीना ने रोते हुए बताया कि अचानक हुई इस तोड़फोड़ में उनके पिता का सामान, बिस्तर और यादगार तस्वीरें बाहर फेंक दी गईं या फाड़ दी गईं. उस्ताद के बेटों—काजिम हुसैन और नाजिम हुसैन—के साथ-साथ पोते अफाक हैदर ने भी दुकानों के लिए इस ऐतिहासिक धरोहर को तोड़ने का सख्त विरोध किया.

संगीत जगत से विरोध की आवाज़ : उस्ताद की शिष्य और दत्तक पुत्री पद्मश्री गायिका सोमा घोष ने वाराणसी के जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से तुरंत दखल देने की गुहार लगाई. उन्होंने मांग की कि इस घर को म्यूजियम के रूप में संरक्षित किया जाए. इस दौरान यह बात भी सामने आई कि सरकार की 'हृदय योजना' (HRIDAY) के तहत इस मकान को धरोहर के रूप में संवारने की योजना थी, लेकिन वह कभी पूरी नहीं हो सकी. अखिलेश यादव ने उस वक्त भी सरकार से मांग की थी कि घर को संरक्षित किया जाए.

2020 में जब विरोध तेज हुआ तो वाराणसी प्रशासन ने मकान को तोड़फोड़ रोक दी थी. VDA ने परिवार को सख्त निर्देश दिया कि भले ही भवन जर्जर हो, लेकिन इसे गिराने या नया निर्माण करने से पहले नगर निगम से अनुमति और VDA से बाकायदा नक्शा पास कराना अनिवार्य है। प्रशासन के इस दखल के बाद कामर्शियल कॉम्प्लेक्स बनने का काम रुक गया.

6 साल बाद 2026 में क्या-क्या हुआ ? 

जर्जर भवन का नोटिस : वाराणसी नगर निगम (VMC) ने इस तोड़फोड़ से पहले उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के परिवार को एक नोटिस जारी किया था. इस नोटिस में लगभग 90 साल पुराने इस पैतृक मकान को बेहद जर्जर (खतरनाक) और असुरक्षित बताया गया था.

सरकारी म्यूजियम का प्रस्ताव : जर्जर हालत की चेतावनी के साथ-साथ, VMC ने शहर के सांस्कृतिक प्रतीकों को सहेजने की योजना के तहत परिवार के सामने एक प्रस्ताव रखा था. इस प्रस्ताव में कहा गया था कि सरकार इस घर के एक हिस्से में उस्ताद की याद में एक म्यूजियम (संग्रहालय) विकसित करना चाहती है.

सरकारी हस्तक्षेप से इनकार : परिवार ने शुरू में प्रशासन के इस सरकारी म्यूजियम के प्रस्ताव पर अपनी सहमति नहीं दी. उन्होंने तय किया कि वे सरकारी दखल के बजाय अपनी मर्जी और अपने खर्च से संपत्ति का पुनर्निर्माण करेंगे.

निजी स्तर पर ध्वस्तीकरण (3 से 7 नवंबर 2026): 3 नवंबर को पुलिस स्टेशन में पारिवारिक विवाद सुलझने के बाद, 7 नवंबर 2026 को परिवार ने खुद इस जर्जर मकान के हिस्से को गिराने का काम शुरू किया.

प्रशासन ने दी सफाई: वाराणसी नगर निगम और वाराणसी विकास प्राधिकरण की ओर से भी इस मामले में स्पष्टीकरण दिया गया है. VDA के सचिव वेद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि, "सोशल मीडिया (एक्स, फेसबुक) पर प्राप्त शिकायत के क्रम में मामले की जांच कराई गई. जांच में सामने आया कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के पौत्र और स्वर्गीय महताब हुसैन के पुत्र मो. सिब्तैन का मकान संख्या सीके 46/63, भीखाशाह गली, सराय हड़हा, चौक, वाराणसी में स्थित है.

  • करीब 500 वर्गफीट क्षेत्रफल में निर्मित यह भवन जी+1 तल का था और काफी पुराना एवं जर्जर हो चुका था. परिवार के सदस्यों द्वारा मकान के नवीनीकरण का कार्य कराया जा रहा है. इसी प्रक्रिया के तहत पुराने भवन के स्ट्रक्चर को ध्वस्त किया जा रहा है, ताकि वहां दोबारा निर्माण कराया जा सके.

वहीं वाराणसी नगर निगम में उनके पोते की वीडियो बाइट शेयर करते हुए लिखा कि, "सोशल मीडिया पर उनके आवास को तोड़े जाने की भ्रामक खबरों के बीच, उनके पोते ने स्वयं स्पष्ट किया है कि जिस कमरे में उस्ताद बिस्मिल्लाह खान साहब शहनाई की साधना किया करते थे, वहां एक संग्रहालय विकसित किया जा रहा है."

निष्कर्ष: शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के घर को गिराने की कार्रवाई उत्तरप्रदेश सरकार या प्रशासन की तरफ से नहीं की गई है.

(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर  9540511818 या फिर आईडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)

Published: undefined

ADVERTISEMENT
SCROLL FOR NEXT