सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है, इसमें एक शख्स दुकान में प्रवेश करता है. उसके बाद ये शख्स दुकानदार से अलग-अलग तरह के सामान दिखाने को कहता है, फिर अचानक दुकानदार के सिर पर वह एक स्प्रे छिड़कता है. स्प्रे छिड़कते ही दुकानदार कुर्सी पर बैठ जाता है और बेहोश हो जाता है. वीडियो को असली घटना का बताकर शेयर किया जा रहा है.
क्या ये सच है ? : नहीं, वायरल वीडियो असली घटना का नहीं है. वीडियो जिस क्रिएटर @theghumakkad02 ने सबसे पहले शेयर किया था, उस वर्जन में ये चेतावनी देखी जा सकती है कि वीडियो असली घटना नहीं. इस क्रिएटर की तरफ से ऐसे कई वीडियो पहले भी अपलोड किए जाते रहे हैं.
हमने ये सच कैसे पता लगाया ? : हमने वायरल वीडियो को गूगल लेंस के जरिए सर्च किया, जिससे पता चल सके कि वीडियो सबसे पहले कहां अपलोड हुआ था. यूट्यूब चैनल @theghumakkad02 पर हमें 25 अक्टूबर 2026 को अपलोड किया गया यही वीडियो मिला. वीडियो के शुरुआत में ही एक चेतावनी देखी जा सकती है, जिससे स्पष्ट हो रहा है कि वीडियो असली घटना का नहीं है.
हालांकि, वीडियो में ये चेतावनी महज 1-2 सेकंड के लिए आती है. चेतावनी को इतने कम समय के लिए दिखाया गया है, जिससे की दर्शकों का ध्यान आमतौर पर इसपर नहीं जाता.
चैनल पर ऐसे कई वीडियो हैं, जो स्क्रिप्टेड हैं. पर वीडियो ऐसे कैप्शन के साथ शेयर किए जाते हैं जिससे लोग इन्हें असली घटना का समझें.
निष्कर्ष : सोशल मीडिया पर एक स्क्रिप्टेड वीडियो को असली घटना का बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर आईडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
