बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तीन रंगों वाले एक स्टेज पर खड़े हुए एक तस्वीर WhatsApp पर वायरल हो रही है.हालांकि, हमने पाया कि तस्वीर को मॉर्फ किया गया है और असल में स्टेज पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव खड़े हैं. ये बिहार के जहानाबाद की रैली की तस्वीर है.
दावा
वायरल तस्वीर में नीतीश कुमार को एक स्टेज पर दिखाया गया है, जिस पर भारतीय झंडे के रंग हैं. नीतीश के पीछे उनकी फोटो और जनवरी में हुए एक JDU कार्यक्रम की जानकारी लिखा एक बैनर भी देखा जा सकता है.
क्विंट को उसकी WhatsApp टिपलाइन पर इस तस्वीर में किए गए दावे को लेकर कई सवाल मिले.
हमें क्या मिला?
हमने संबंधित कीवर्ड के साथ ट्विटर पर सर्च किया और एक ट्वीट मिला जिसमें तेजस्वी यादव को स्टेज पर देखा गया और इस तस्वीर में ‘Bihar Live 7’ का लोगो लगा हुआ था.
‘Bihar Live 7’ के YouTube हैंडल पर एक सर्च से हमें 21 अक्टूबर को अपलोड हुई एक वीडियो मिली. इससे पता चला कि ये तेजस्वी यादव की जहानाबाद रैली की है.
इसके अलावा, हमने YouTube पर “तेजस्वी यादव जहानाबाद” कीवर्ड से सर्च किया और RJD के आधिकारिक YouTube हैंडल पर इस रैली की लाइव स्ट्रीम मिली.
हमने देखा कि यादव एक ऐसे स्टेज पर खड़े हैं, जिस पर तिरंगे के रंग हैं.
क्योंकि वायरल तस्वीर और लाइव स्ट्रीम का एंगल अलग है, इसलिए हमने दोनों विजुअल की तुलना कर उसमें समानताएं ढूंढी.
हमने देखा कि तेजस्वी यादव के दाएं हाथ खड़े दो लोग वायरल तस्वीर में भी हैं.
इसके अलावा हमने पाया कि यादव के पीछे खड़ा आदमी भी वायरल तस्वीर में है. दोनों ही विजुअल में वो एक लाल-पीले रंग का तिलक लगाए हुए है.
वायरल तस्वीर में नीतीश कुमार के पीछे दिख रहा बैनर 22-23 जनवरी को हुए JDU के ओरिएंटेशन प्रोग्राम का है. एक न्यूज 18 हिंदी के आर्टिकल में बैनर की तस्वीर इस्तेमाल हुई है.
हालांकि, ऐसा कोई बैनर तेजस्वी यादव की जहानाबाद रैली में नहीं दिखता है.
हमने बिहार के एक लोकल रिपोर्टर से भी बात की और उसने कंफर्म किया कि वायरल तस्वीर असल में यादव की जहानाबाद रैली की ही है और उनके चेहरे पर नीतीश कुमार का चेहरा लगाया गया है.
