मुंबई नॉर्थ लोकसभा सीट से बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर को कांग्रेस का टिकट मिलने के कुछ ही देर बाद ट्रोल्स ने उन्हें उनकी धार्मिक पहचान को लेकर निशाना बनाना शुरू कर दिया.
विकीपीडिया पर उर्मिला की प्रोफाइल को लगातार एडिट करके यह दावा किया गया कि कश्मीरी बिजनेसमैन और मॉडल मोहसिन अख्तर मीर के साथ शादी के बाद उन्होंने अपना धर्म बदलकर इस्लाम अपना लिया. इसके साथ ही यह भी दावा किया गया कि उर्मिला ने अपना नाम बदलकर 'मरियम अख्तर मीर' कर लिया.
दावा यह भी किया गया कि उर्मिला के पिता का नाम शिविंदर सिंह और उनकी माता का नाम रुखशाना सुल्ताना है और उर्मिला अपने परिवार में दूसरे धर्म में शादी करने वाली सेंकेंड जेनेरेशन हैं.
देखते ही देखते दक्षिणपंथी फेसबुक पेजों ने इन दावों को उठाकर शेयर कर शुरू कर दिया. 'वी सपोर्ट नमो' नाम के एक पेज ने इस मामले में उर्मिला मातोंडर का फर्जी बयान ही शेयर कर दिया.
ट्विटर पर भी कई यूजर्स ने उर्मिला मातोंडकर की एडिटेड विकीपीडिया प्रोफाइल को शेयर करना शुरू कर दिया.
'मुझसे मेरे धर्म के बारे में क्यों पूछा जा रहा है?'
इस मामले पर उर्मिला मातोंडकर सामने आईं और उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, ''मुझसे मेरे धर्म के बारे में क्यों पूछा जा रहा है? मुझे नहीं लगता कि मैंने किसी को ऐसा अधिकार दिया है क्योंकि यह अधिकार मेरे पास ही है. मुझे इसके बारे में पता है. मेरा परिवार और मेरा ससुराल पक्ष इस बारे में जानता है. मुझे लगता है कि यह महज एक शुरुआत है. मैं इस सबसे ऊपर की राजनीति करना चाहती हूं.''
क्विंट के साथ बातचीत में उर्मिला मातोंडकर ने कहा, ‘’ऐसी गलत सूचनाएं फैला रहे लोग सिर्फ जुमलेबाजी से जुड़े हैं.’’
उर्मिला ने कहा, ''मुझे इससे कोई परेशानी नहीं है, लेकिन मुझे उनके (ट्रोल्स के) लिए दुख है. मुझे लगता है कि वे अपनी संकरी मानसिकता का प्रदर्शन कर रहे हैं.'' इसके अलावा उन्होंने कहा कि सामान्य लोग इसके पीछे नहीं हैं, बल्कि उनकी (सत्तारूढ़ पार्टी की) मशीनरी है.
उर्मिला के पिता ने ट्रोल्स के दावों को बताया बकवास
उमिर्ला मातोंडकर के पिता श्रीकांत मातोंडकर ने ट्रोल्स के दावों को खारिज करते हुए उनको बकवास बताया. न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, उन्होंने कहा, ''यह कुछ असामाजिक तत्वों की तरफ से पैदा की गई बकवास है. विकीपीडिया को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए.''
इस मामले पर महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा, ''यह साबित करता है कि भारतीय जनता पार्टी उनको (उर्मिला को) मजबूत प्रतिद्वंदी मानती है.'' इसके अलावा उन्होंने ट्वीट कर कहा, ''क्या हमें बीजेपी के 'गंदे दिमागों' को धर्मेंद्र जी और हेमा जी की शादी के बारे में याद दिलानी चाहिए.''
