सोशल मीडिया पर एक वीडियो इस दावे के साथ शेयर किया जा रहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि छात्र अब अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद अमेरिका में रह सकेंगे.
दावे के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन ने ऐसी व्यवस्था कर दी है, जिसके तहत छात्र अमेरिका में शिक्षा पूरी करने के बाद ग्रीन कार्ड प्राप्त कर सकेंगे.
वीडियो में क्या है? : वीडियो में ट्रंप कहते दिख रहे हैं, “हम जानते हैं, उनके पास कुछ बेहतरीन छात्र हैं. मैं भी इस बात के पक्ष में हूं कि उन्हें यहां रहने दिया जाए.”(हिंदी अनुवाक)
क्या दावा सही है ? : नहीं. यह वीडियो पुराना है और इसे गलत संदर्भ में शेयर किया जा रहा है.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? : वीडियो की जांच के लिए हमने Google Lens की मदद से रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें 12 जून 2025 के ऐसे वीडियो मिले, जिनके दृश्य वायरल क्लिप से मेल खाते थे.
इसके बाद हमें व्हाइट हाउस के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया वीडियो मिला. ओरिजनल वीडियो में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बिल साइनिंग समारोह (Bill Signing Ceremony) में हिस्सा लेते हुए दिखाई देते हैं.
वीडियो में करीब 1 घंटा 9 मिनट 34 सेकंड पर ट्रंप अमेरिका में पढ़ाई के लिए आने वाले अंतरराष्ट्रीय छात्रों का जिक्र करते हैं. इस दौरान उन्होंने कहा,
देखिए, मैं हमेशा से दूसरे देशों से आने वाले छात्रों के पक्ष में रहा हूं. इसमें चीन भी शामिल है. हमारे यहां करीब 5 लाख चीनी छात्र पढ़ने आते हैं और मैं हमेशा इसका समर्थन करता रहा हूं. इसका मतलब यह नहीं है कि निगरानी की जरूरत नहीं है. छात्रों पर नजर रखनी चाहिए, लेकिन सिर्फ छात्रों पर ही नहीं, अन्य लोगों पर भी. मैं लंबे समय से इस विचार का समर्थक रहा हूं. मुझे लगता है कि यह एक अच्छी बात है. इससे हमारे शैक्षणिक संस्थानों को फायदा होता है और मेरा मानना है कि यह हमारे देश के लिए भी अच्छा है. मैं इस बात के भी पक्ष में हूं कि उन्हें यहां रहने की अनुमति मिले. यदि कोई व्यक्ति चार साल तक यहां पढ़ाई करता है और शिक्षा प्राप्त करता है, तो मुझे लगता है कि उसे यहां रहने का अवसर मिलना चाहिए.डोनाल्ड ट्रंप के बयान का हिंदी अनुवाद
इसके अलावा, 2025 में अमेरिकी प्रशासन ने एक प्रस्तावित नियम की घोषणा की थी, जिसके तहत अंतरराष्ट्रीय छात्रों के अमेरिका में रहने की अवधि को अधिकतम 4 वर्ष तक सीमित करने का प्रस्ताव रखा गया था.
इस अवधि से अधिक समय तक पढ़ाई जारी रखने वाले छात्रों को अपने रुकने की अवधि बढ़ाने के लिए इमिग्रेशन अधिकारियों से अनुमति लेनी होगी. वाइट हाउस इस प्रस्तावित वीजा नियम की समीक्षा प्रक्रिया पूरी कर चुका है.
ऐसे में यह स्पष्ट है कि वायरल वीडियो के आधार पर किया जा रहा दावा भ्रामक है. ट्रंप के बयान को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया है और यह दावा सही नहीं है.
निष्कर्ष: वायरल वीडियो पुराना है. इसे काट-छांटकर इस तरह पेश किया गया है, जैसे डोनाल्ड ट्रंप ने कहा हो कि छात्र अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद अमेरिका में रह सकते हैं. इसलिए वायरल दावा भ्रामक है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आईडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
