सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक इमारत के ऊपर फिलिस्तीन का झंडा लगा हुआ नजर आ रहा है.
दावा: इस पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि, "इजरायल में नितनयाहू (नेतन्याहू) की सरकार जाने के बाद वहां फिलिस्तीन का झंडा फहराया गया."
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
चुनावी नतीजों के बाद इजरायल की संसद के ऊपर फिलिस्तीन का झंडा फहराने का दावा गलत है.
वायरल वीडियो में नजर आ रही घटना बर्लिन में मौजूद जर्मन संसद के ऊपर झंडा फहराने की है.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद से 'इमेज सर्च ऑप्शन' का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें Reuters और Times of Israel की 08 नवंबर 2026 की यह न्यूज रिपोर्ट मिली, जिसमें वायरल वीडियो में मेल खाते हुए दृश्य थे.
इस रिपोर्ट में लिखा था कि, "इजरायल-विरोधी समूह ने जर्मनी की रीचस्टैग इमारत पर फिलिस्तीनी झंडा फहराया; 3 लोग गिरफ्तार."
इस रिपोर्ट में लिखा था कि, "Peacefully Against Genocide’ नाम के एक समूह ने इस घटना की जिम्मेदारी ली है."
हमारी सर्च में हमें Roya News English नाम के Youtube चैनल पर इस घटना का पूरा वीडियो मिला, जिसमें एक व्यक्ति को इस इमारत से जर्मनी का झंडा उतारकर फिलिस्तीन का झंडा लगाते हुए देखा जा सकता है.
इस वीडियो के टाइटल में लिखा था, "जर्मन संसद के बाहर एक कार्यकर्ता ने जर्मन झंडे की जगह फिलिस्तीनी झंडा लगा दिया."
यहां से अंदाजा लगाकर हमने इससे संबंधित कीवर्ड्स सर्च किए हमारी सर्च में हमें peacefullyagainstgenocide नाम के ग्रुप का इंस्टाग्राम अकाउंट मिला, जिसमें इस घटना के बारे में इस पोस्ट में बताया गया था.
इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा था, "आज हमने बुंडेस्टाग के सामने फिलिस्तीन का झंडा फहराया. दुनिया भर की सरकारें तब जनता की ओर से काम नहीं कर रहीं होतीं, जब वे फिलिस्तीन में हो रहे नरसंहार पर चुप रहती हैं, उसे होने देती हैं, या उसका समर्थन करती हैं. हम इस नरसंहार को उसके सही नाम से पुकारेंगे, इसे सबके सामने लाएंगे और अपने प्रतिरोध के ज़रिए इसका विरोध करेंगे." (अनुवादित)
इस घटना से संबंधित कीवर्ड्स सर्च करने पर हमें बर्लिन पुलिस की 08 नवंबर 2026 की यह प्रेस रिलीज मिली. इस प्रेस रिलीज में लिखा था, "आज सुबह बर्लिन-टियरगार्टन में एक व्यक्ति ने 'जर्मन एकता ध्वज' (German Unity Flag) को नीचे गिरा दिया था.
सुबह करीब 11:30 बजे, 22 साल का एक युवक 'प्लात्ज डेर रिपब्लिक' (रिपब्लिक स्क्वायर) स्थित राष्ट्रीय स्मारक पर चढ़ गया, झंडे को उतारा और उसे जमीन पर फेंक दिया. इसके बाद उसने वहां फिलिस्तीन का झंडा लगा दिया.
20 और 32 साल के दो अन्य व्यक्ति झंडे के खंभे के पास खड़े थे और उन्होंने इसमें उसकी मदद की. सूचना मिलने पर आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं, इलाके को सुरक्षित किया और जमीन पर मौजूद उन दो व्यक्तियों को काबू में कर लिया " (अनुवादित)
वायरल वीडियो को इजरायल से क्यों जोड़ा गया ? अक्टूबर 2026 के आखिर में हुए इजरायली विधायी चुनावों में, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी और उनके सहयोगियों को 120 सदस्यों वाली नेसेट (संसद) में 53 सीटें मिलीं, जो सरकार बनाने के लिए जरूरी 61 सीटों के बहुमत से कम थीं.
गादी आइसेनकोट के नेतृत्व वाली यशर पार्टी और अन्य विपक्षी गुटों ने 48 सीटें जीतीं है. गौरतलब है कि अरब-नेतृत्व वाली पार्टियों ने ऐतिहासिक बढ़त हासिल करते हुए 19 सीटें जीतीं और वे संभावित रूप से "किंगमेकर" बन गईं.
मतदान के बाद, राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने औपचारिक रूप से इन नतीजों को स्वीकार कर लिया. इस वीडियो को इसी संदर्भ से जोड़कर शेयर किया गया है.
निष्कर्ष: जर्मनी की संसद के ऊपर फिलिस्तीन का झंडा फहराने का वीडियो इजरायल का बताकर भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर आईडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
