ओलंपिक (Olympic) में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले पहलवान बजरंग पुनिया (Bajrang Punia) का बताकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में दो पहलवान अखाड़े में कुश्ती लड़ते नजर आ रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि कुश्ती में भारी पड़ रहा पहलवान बजरंग पुनिया है. पड़ताल में हमने पाया कि वायरल वीडियो में दिख रहा शख्स बजरंग पुनिया नहीं, बल्कि पहलवान मौसम अली है. मौसम अली ने भी दावे को खारिज किया है.
पड़ताल में हमने क्या पाया
वायरल फेसबुक पोस्ट के कमेंट सेक्शन में एक यूजर ने कमेंट करके बताया था कि ये पहलवान बजरंग पुनिया नहीं, बल्कि मौसम अली है. साथ ही, ये भी बताया था कि ये लड़ाई स्क्रिप्टेड है और ऐसे कई वीडियोज यूट्यूब पर मिल जाएंगे.
यहां से क्लू लेकर हमने मौसम अली से जुड़े जरूरी कीवर्ड डालकर गूगल पर चेक किया. हमें कई यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए वीडियो मिले, जिनमें कुश्ती लड़ रहे पहलवान को मौसम अली बताया गया था. ये वीडियोज आप यहां, यहां और यहां देख सकते हैं.
हमें मौसम अली का यूट्यूब चैनल भी मिला, जिनमें इसी तरह के कई वीडियोज अपलोड किए गए हैं. इसके अलावा, उनके फेसबुक पेज पर भी हमें वही वीडियो मिला जो वायरल हो रहा है.
हमने बजरंग पुनिया और मौसम अली के फेसबुक पेज से मिली तस्वीर के बीच तुलना भी की. नीचे तस्वीरों में आप साफ दोनों के बीच अंतर देख सकते हैं.
न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौसम अली पंजाब के मलेर कोटला के रहने वाले हैं. जो अंतर्राज्यीय कुश्तियों में हिस्सा लेते रहते हैं.
हमने ज्यादा जानकारी के लिए मौसम अली से भी संपर्क किया, जिन्होंने पुष्टि की कि वायरल वीडियो में वही दिख रहे हैं.
मतलब साफ है कि पंजाब के एक पहलवान मौसम अली की कुश्ती का वीडियो इस झूठे दावे से शेयर किया जा रहा है कि वो रेसलर बजरंग पुनिया हैं.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9643651818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं)