सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है जिसमें कुछ पुलिसकर्मी एक महिला को जबरदस्ती पकड़े हुए और उसके साथ बदसलूकी करते हुए दिख रहे हैं. भारतीय जनता पार्टी (BJP) से जुड़े कई सोशल मीडिया अकाउंट्स और पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी ने दावा किया है कि यह वीडियो झारखंड में चल रहे छात्र विरोध-प्रदर्शन के दौरान महिला के साथ हुए दुर्व्यवहार का है.
इन पोस्ट्स में राहुल गांधी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को निशाना बनाया गया है, जो झारखंड में सत्ताधारी गठबंधन का हिस्सा हैं. पोस्ट्स में पुलिस द्वारा एक छात्रा के साथ किए गए इस "अमानवीय व्यवहार" को "बेहद शर्मनाक" बताया गया है.
क्या यह सच है? नहीं, यह दावा गलत है.
यह वीडियो झारखंड में हुए विरोध-प्रदर्शनों से पहले का है और बिहार का है.
हमें सच कैसे पता चला?: क्लिप पर रिवर्स इमेज सर्च करने से हमें एक YouTube शॉर्ट मिला जिसमें वही वीडियो था, और इसे 23 जुलाई 2026 को पब्लिश किया गया था.
एक अन्य YouTube शॉर्ट में यही क्लिप 24 जुलाई को शेयर किया गया था, जबकि झारखंड में विरोध-प्रदर्शन 25 जुलाई को शुरू हुए थे. इससे पता चलता है कि यह क्लिप इन विरोध-प्रदर्शनों से पहले का है.
विज़ुअल संकेत: वायरल वीडियो में ही देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मियों की यूनिफॉर्म के कंधे वाले हिस्से पर 'बिहार' लिखा हुआ है, जिससे पता चलता है कि यह बिहार पुलिस है न कि झारखंड पुलिस.
यहां से अंदाजा लेकर हमने पटना में बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की इमारत तक जाने वाले रास्तों को ढूंढा.
Google Maps के 'स्ट्रीट व्यू' का इस्तेमाल करते हुए, हमें एक ऐसा पुल दिखाई दिया जो एकदम वायरल वीडियो में दिख रहे पुल जैसा था. उस पुल पर एक साइनबोर्ड भी दिख रहा था, जो BPSC की इमारत से लगभग 280 मीटर की दूरी पर था.
एक अन्य वीडियो: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस प्रदर्शन से जुड़े वीडियो की तलाश करने पर हमें एक इंस्टाग्राम वीडियो मिला, जिसे 23 जुलाई 2026 को 'mypdasamachar' नाम के पेज ने शेयर किया था.
इस वीडियो में वही महिला अपनी चिंताएं और परेशानियां बताती हुई रही थी.
झारखंड में अभी सत्ता में मौजूद झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी अपने X अकाउंट पर गलत जानकारी के बारे में बताते हुए एक पोस्ट शेयर किया था.
निष्कर्ष: BJP से जुड़े अकाउंट्स ने पटना, बिहार का एक पुराना वीडियो शेयर किया और गलत दावा किया कि इसमें झारखंड में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई दिखाई गई है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
