सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है, जिसमें एक इमारत से धुआं निकलता दिख रहा है.
इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो इजरायल पर हुए हालिया ईरानी मिसाइल के हमले का है.
क्या यह सच है?: नहीं, यह दावा गलत है, क्योंकि यह वीडियो पुराना है और यह संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई का है.
हमने सच का पता कैसे लगाया ?: हमने वायरल वीडियो पर 'रिवर्स इमेज सर्च' ऑप्शन का इस्तेमाल किया, जिससे हमें 14 जून 2025 का एक 'X' पोस्ट मिला. इस पोस्ट में उसी तरह की एक क्लिप का छोटा वर्जन शेयर किया गया था.
इस पोस्ट के कैप्शन में बताया गया था कि इसमें दुबई की एक गगनचुंबी इमारत (skyscraper) को भीषण आग की लपटों में घिरा हुआ दिखाया गया है.
हमारी सर्च में हमें NDTV की यह रिपोर्ट भी मिली, जिसमें बताया गया था कि 'मरीना पिनेकल' (जिसे 'टाइगर टॉवर' के नाम से भी जाना जाता है) नामक 67 मंजिला इमारत में आग लग गई थी.
दुबई मीडिया ऑफिस के मुताबिक, दुबई सिविल डिफेंस को आग पूरी तरह बुझाने में 06 घंटे लग गए. इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था.
'Dubai Marina Pinnacle fire' कीवर्ड सर्च करने पर हमें कई ऐसी न्यूज रिपोर्ट मिलीं, जिनमें वायरल वीडियो से मेल खाते हुए दृश्य दिखाई दे रहे थे.
'The Financial Express' की इस रिपोर्ट में बताया गया है कि सभी निवासियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था; इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और न ही किसी की जान गई.
निष्कर्ष: दुबई में एक गगनचुंबी इमारत में लगी आग का एक पुराना वीडियो, इस भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है कि यह इजरायल का है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर आईडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
