15 जून को आम आदमी पार्टी की झारखंड यूनिट ने मुंबई की कोरोना वायरस फैसिलिटी की तस्वीरें ये दावा करते हुए शेयर कर दीं कि ये दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे कंस्ट्रक्शन की फोटो हैं.
दिल्ली सरकार ने दिल्ली के प्रगति मैदान की जगह कोविड फैसिलिटी में तब्दील करने का फैसला किया था. दिल्ली में लगातार बढ़ते पॉजिटिव केसों को देखते हुए दिल्ली सरकार बैड की कैपेसिटी बढ़ाने की कोशिश कर रही है. सरकारी अनुमान के मुताबिक इस स्टेडियम में 2500 बेड्स आ सकते हैं.
दावा
फेसबुक और ट्विटर पर कई सारी तस्वीरें गलत दावों के साथ शेयर की गईं. इसमें से एक पोस्ट में दावा किया गया- “कोरोना से निपटने के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री @ArvindKejriwal जी के नेतृत्व में दिल्ली सरकार द्वारा लगातार युद्धस्तर पर तैयारी जारी है। बैंक्विट हाॅल और Pragati maidan में सामान्य कोरोना पीड़ितों के इलाज के लिए लगवाए जा रहे हैं बेड।”
हमें क्या मिला?
कांग्रेस विधायक जीशान सिद्धिकी ने ट्विटर पर लिखा कि इस तस्वीर में जो शख्स इस कोविड फैसेलिटी में अंदर घुसता दिख रहा है वो मैं हूं और ये मुंबई के बीकेसी का मॉड्यूलर हॉस्पिटल है. मैं पिछले दिनों दिल्ली नहीं गया हूं इसलिए ये मैं नहीं हो सकता.
इसके बाद हमने “COVID-19 Modular hospital BKC” इस की वर्ड से गूगल पर सर्च किया तो हमें कई सारी मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं जिनमें जो तस्वीरें थीं ये वायरल पोस्ट से मिलती जुलती थीं.
साफ है कि बीकेसी कोरोना वायरस फैसेलिटी मुंबई की तस्वीरों को इस दावे के साथ शेयर किया गया कि ये दिल्ली के प्रगति मैदान की तस्वीरें हैं.
