बीजेपी नेताओं समेत कई सोशल मीडिया यूजर ने एक 'अवैध निर्माण' की तस्वीर शेयर करते हुए दावा किया कि ये मुंबई की है. इस तस्वीर का इस्तेमाल महाराष्ट्र के मुख्यमत्री उद्धव ठाकरे की आलोचना करने के लिए किया गया. इसमें सड़क के बीच में एक मस्जिद दिखती है.
हालांकि, क्विंट ने पाया कि ये तस्वीर मुंबई की नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के सागर में जामा मस्जिद की है.
ये सब BMC के एक्टर कंगना रनौत के मुंबई स्थित ऑफिस और घर मणिकर्णिका फिल्म्स में 'अवैध बदलाव' को ढहाए जाने के बाद सामने आया है.
दावा
तस्वीर के साथ लिखा गया: “इस अवैध निर्माण को कब तोड़ेंगे उद्धव जी?"
बीजेपी दिल्ली के महासचिव कुलजीत सिंह चहल ने तस्वीर शेयर की और उनके ट्वीट पर इस आर्टिकल के पब्लिश होते समय 4000 से ज्यादा लाइक्स आ गए थे.
बीजेपी नेता और सुप्रीम कोर्ट के वकील अश्विनी उपाध्याय ने फेसबुक पर तस्वीर को इसी नैरेटिव के साथ शेयर की.
रिटायर्ड IAS अफसर संजय दीक्षित ने दावा किया कि तस्वीर मुंबई के बांद्रा की है और उन्होंने BMC पर निशाना साधा.
कई सोशल मीडिया यूजर ने इसी दावे के साथ तस्वीर को ट्विटर और फेसबुक पर शेयर किया.
हमें क्या मिला?
गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें अगस्त का एक ट्वीट मिला, जिसमें यही तस्वीर इस्तेमाल हुई थी. कई यूजर ने उस ट्वीट पर जवाब देते हुए लिखा था कि तस्वीर मध्य प्रदेश के सागर की है.
एक ने लिखा था कि तस्वीर सागर के कटरा बाजार की है.
हमें दैनिक भास्कर का एक आर्टिकल भी मिला, जिसमें ये तस्वीर इस्तेमाल हुई थी और यही लोकेशन भी बताई गई थी.
हमने फिर गूगल अर्थ पर सर्च किया और पाया कि जामा मस्जिद कटरा बाजार में एक चौराहे पर स्थित है.
हमने वायरल तस्वीर और गूगल अर्थ में दिख रहे मस्जिद के ढांचे की तुलना की और पाया कि ये एक जैसे ही हैं.
उदाहरण के लिए, हरे ढांचे और उसकी जगह दोनों तस्वीरों में एक ही है. दोनों में सफेद गुंबद एक जैसे ही हैं.
इस मस्जिद में रहने वाले मोहम्मद यासिर ने क्विंट से बात करते हुए तस्वीर के सागर की होने की पुष्टि की.
