सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि एक भीड़ एक युवक को पीटते-पीटते नाले में गिरा देती हैं.
दावा: इस पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि, "बांग्लादेश में हिंदूओं को पत्थर मारकर मौत की सजा दी जा रही है वो भी पानी में डुबो कर."
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
वायरल वीडियो बांग्लादेश का है लेकिन इसमें किसी हिंदू युवक के साथ मारपीट नहीं की गई है और ना ही वीडियो में नजर आ रहे शख्स की मौत हुई है.
बांग्लादेश के ढाका में 16 जून 2026 को जात्राबारी में मोबाइल फोन चोरी करने के आरोप के बाद वायरल वीडियो में नजर आ रहे युवक पर हमला किया गया था.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें यही वीडियो Bangladhoni नाम के बांग्लादेशी न्यूज ऑउटलेट के फेसबुक पेज पर दिखाई दिया.
इस पोस्ट के साथ डिटेल में लिखा था कि, "ढाका के जात्राबारी में मोबाइल चोरी करते पकड़े जाने पर नाले में कूदकर बचने की कोशिश."
इसके सिवा हमें यह वीडियो कई बांग्लादेशी न्यूज आउटलेट्स पर मिली (यहां, यहां और यहां ) जिनमें लिखा था कि, "ढाका के जात्राबारी इलाके में 16 जून 2026 को मोबाइल फोन छीनते हुए यह युवक पकड़ा गया था, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसकी पिटाई कर दी थी. इन रिपोर्ट्स में कहा गया है कि वीडियो में दिख रहा युवक इस घटना में घायल हुआ था, उसकी मौत नहीं हुई थी."
इसके सिवा हमने इस वायरल वीडियो की पुष्टि के लिए बांग्लादेश के फैक्ट-चेकर तनवीर महताब से भी संपर्क किया. तनवीर ने हमें बताया कि, "यह वायरल वीडियो बांग्लादेश के ढाका की है, जिसमें मोबाइल चोरी करते हुए पकड़े गए एक युवक के साथ भीड़ ने मारपीट शुरू कर दी थी, उनसे बचने के लिए यह युवक नाले में कूद गया था और बाद में बाहर निकल आया था. इस मामले में किसी भी तरह का साम्प्रदायिक एंगल शामिल नहीं है."
निष्कर्ष: बांग्लादेश के ढाका में मोबाइल चोरी के आरोपी से मारपीट के आरोपी को हिंदू शख्स की हत्या का बताकर भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आईडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
