अभिनेता, व्यंगकार और हास्य कलाकार शेखर सुमन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. वीडियो में वो बीजेपी दफ्तर से प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते दिख रहे हैं. वीडियो के टेक्स्ट में दावा किया गया है कि शेखर सुमन बीजेपी में शामिल हो गए हैं. शेखर सुमन इस वीडियो में अमित शाह समेत बीजेपी के कई शीर्ष नेताओं का आभार व्यक्त करते दिख रहे हैं.
दावा : वीडियो को सोशल मीडिया पर हाल का बताकर शेयर किया जा रहा है.
क्या ये सच है ? : वीडियो 2 साल पुराना है. शेखर के हाल में बीजेपी में शामिल होने की कोई विश्वसनीय रिपोर्ट सामने नहीं आई है.
हमने ये सच कैसे पता लगाया ? : वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट को गूगल लेंस के जरिए सर्च करने पर हमें The Tribune के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर शेखर सुमन के उस वीडियो का लंबा वर्जन मिला, जिसका अधूरा हिस्सा वायरल है.
वीडियो 7 मई 2024 को अपलोड किया गया था, यहां से ये पुष्टि हुई कि वीडियो कम से कम 2 साल पुराना है.
बीजेपी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी हमें शेखर सुमन के पार्टी में शामिल होने की इस पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो मिला.
इस वीडियो का सीधा प्रसारण (Live Stream) 7 मई 2024 को बीजेपी के चैनल से किया गया था. जाहिर है ये वीडियो 7 मई 2024 का ही है.
निष्कर्ष : बीजेपी में शामिल होते शेखर सुमन का 2 साल पुराना वीडियो बिना पूरा संदर्भ के हाल का बताकर शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
