प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ वार्षिक शिखर वार्ता के लिए अपनी दो दिन की यात्रा पर मॉस्को पहुंच चुके हैं.
इस मुलाकात के दौरान परमाणु ऊर्जा, हाइड्रोकार्बन, रक्षा और व्यापार संबंधों के विस्तार पर भी चर्चा हो सकती है. गुरुवार को वार्ता के दौरान परमाणु ऊर्जा और रक्षा सहित कई अन्य समझौते पर भी हस्ताक्षर होने की संभावना है.
व्लादिमीर पुतिन के साथ मोदी की दो दिवसीय बैठक प्रमुख साझेदारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित हो सकती है. भारत-रूस संबंधों की मजबूती के लिए यह द्विपक्षीय वार्ता महत्वपूर्ण है. द्विपक्षीय व्यापार $10 अरब डॉलर से कम स्तर पर है. दोनों देश निवेश को दोगुना करने पर भी चर्चा करेंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बराक ओबामा, शिंजो आबे, एंगेला मर्केल और फ्रांस्वा ओलांद जैसे अंतरराष्ट्रीय नेताओं के साथ व्यक्तिगत संबंध स्थापित किया है.
इसी तरह पुतिन के साथ भी पीएम मोदी ने व्यक्तिगत तौर पर संबंध मजबूत किए हैं. रूस पश्चिमी देशों विशेषतौर पर अमेरिका के साथ भारत के बेहतर होते संबंधों से निराश है. रूस, भारत के साथ अपनी साझेदारी को मजबूत करने के लिए सकारात्मक पहल कर रहा है.
चीन के बाद भारत की ओर हाथ बढ़ा रहा है रूस
ऊर्जा की कीमतों में भारी गिरावट, पश्चिमी देशों द्वारा लगाए गए आर्थिक प्रतिबंधों के जारी रहने और सीरिया के खिलाफ ऑपरेशन पर बढ़ रही लागत ने रूसी अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया है. रूस, चीन के साथ आर्थिक और राजनीतिक भागीदारी करने के लिए मजबूर है.
विडंबना ये है कि रूस इस संबंध में चीन की अपेक्षाकृत कम मजबूत भागीदार है.

