इस साल जुलाई में भारत (दिल्ली) शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है. इस दौरान ईरान औपचारिक रूप से इस संगठन का सदस्य बनने के लिए तैयार है. ऐसी संभावनाएं जताई जा रही है कि ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रायसी इस शिखर सम्मेलन में शिरकत करेंगे. इस बीच, शिखर सम्मेलन से पहले भारत में मंत्रीस्त्रीय बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जहां कुछ मामलों में भारत द्वारा SCO के वर्तमान अध्यक्ष के तौर पर ईरानी प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जा रहा है.
इस प्रक्रिया के हिस्से के रूप में 27-28 अप्रैल को भारत में SCO रक्षा मंत्रियों की बैठक आयोजित की गई थी. ईरान के रक्षा मंत्री ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद रजा घरेई अश्तियानी ने इस बैठक में तकनीकी रूप से बतौर ऑब्जर्वर हिस्सा लिया था. इस दौरान अश्तियानी ने भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की थी. बैठक के बारे में एक आधिकारिक भारतीय मीडिया विज्ञप्ति के अनुसार, भारत और ईरान के "पुराने सांस्कृतिक, भाषाई और सभ्यतागत संबंधों" पर जोर दिया, जिसमें "लोगों से लोगों" (People to People) के संपर्क शामिल थे.

