Farmer Protests: किसानों के विरोध प्रदर्शन ने कई देशों को अपनी चपेट में ले रखा है. भारत में इन दिनों किसानों के विरोध प्रदर्शन का दूसरा दौर जारी है, जिसमें पुलिस के साथ टकराव में मौतें हो चुकी हैं और कई को गंभीर चोटें आई हैं.
यूरोप के 12 देशों में लगातार विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं, जहां किसानों ने अपने-अपने देशों की राजधानी में ट्रैक्टर रैली निकाली हैं. उन्होंने पुआल की गांठें और खाद जलाई. साथ ही हाई-वे जाम कर दिया. लेकिन भारत में किसानों के विरोध प्रदर्शन के उलट वहां पुलिस कार्रवाई में चोटों या मौतों का कोई मामला सामने नहीं आया है.
भारत में जहां किसानों को लोहे-कंक्रीट के बैरियर लगाकर रोका जा रहा है, उन पर पैलेट गन से गोलियों और आंसू गैस की बौछार की जा रही है. इसके उलट यूरोप भर में किसान ट्रैक्टरों पर अपनी राजधानियों में प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकारी दफ्तरों के पास टायर जला रहे हैं.

