इस बात में कोई दो राय नहीं कि पृथ्वी शॉ और ऋृषभ पंत काबिल खिलाड़ी हैं. दोनों की उम्र अभी काफी कम है, दोनों के पास मैदान में बने रहने के लिए काफी लंबा समय है. दोनों को टीम इंडिया का भविष्य भी माना जाता है, लेकिन सवाल ये है कि क्या इन दोनों खिलाड़ियों पर अभी से उम्मीदों का बोझ बहुत ज्यादा तो नहीं हो गया है? कहीं ऐसा तो नहीं कि विश्व कप टीम में ना चुने की मायूसी उनके प्रदर्शन में झलक रही है.
हालांकि विश्व कप के लिए टीम का सेलेक्शन 15 अप्रैल को हुआ था और उससे पहले भी इक्के-दुक्के मौकों को छोड़ दें तो इन दोनों खिलाड़ियों ने कोई खास प्रदर्शन नहीं किया था. जाहिर है हम आईपीएल में इनके हालिया प्रदर्शन की बात कर रहे हैं. इन दोनों खिलाड़ियों के फॉर्म और नजरिए को लेकर चिंता इसलिए भी सताती है क्योंकि ये दोनों खिलाड़ी भारत की टेस्ट टीम का हिस्सा हैं और इन्हें भारतीय टेस्ट टीम का भविष्य माना जाता है.

