देश आज डॉटर्स डे मना रहा है और जो अनिश्चितता समाज में बेटियों के अधिकारों को लेकर है कुछ वैसा ही हाल इस प्रतीकात्मक दिन का भी है. दुनिया भर में वर्ल्ड डॉटर्स डे जनवरी की बारह तारीख को मनाया जाता है. भारत में इस दिन के लिए सितंबर का चौथा इतवार निश्चित किया गया है. लेकिन ढूंढों तो कहीं-कहीं 25 सितंबर की तारीख भी दिख जाएगी. यूं दो बरस पहले महिला और बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने अगस्त के महीने में डॉटर्स वीक मनाने का ऐलान भी किया था. लेकिन बाद के सालों में इसके बारे में फिर कभी नहीं सुना गया.
वैसे तो हमारा सेल्फी विद डॉटर जैसा अभियान भी इतने जोर-शोर से चला कि गूगल प्ले पर एप्प की शक्ल में ही जाकर रुका. बहरहाल, दिन भले ही प्रतीकात्मक हो, उसे मनाने से परहेज नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि बड़ा बदलाव छोटी शुरुआतों से ही आता है, फिर भी जब बात डॉटर्स डे की चलती है तो मन में थोड़ी कड़वाहट तो आ ही जाती है.

