15 नवंबर यानी बिरसा मुंडा का जन्मदिन. झारखंड राज्य का स्थापना दिवस. इसी से बिरसा मुंडा के कद का पता चलता है. बिरसा मुंडा के जन्म दिन पर ही झारखंड राज्य का गठन यह साबित करता है कि बिरसा मुंडा काे लाेग कितना पूजते हैं, सम्मान करते हैं और उनका झारखंडियाें के लिए क्या महत्व है?
आदिवासी समाज (कह सकते हैं कि झारखंडी समाज) इन्हें भगवान मानता है. अन्य समुदायाें में भी उतने ही लाेकप्रिय हैं. अंग्रेजाें और शाेषक जमींदाराें के खिलाफ बिरसा मुंडा ने 19वीं शताब्दी के अंत में उलगुलान किया. रांची, खूंटी, तमाड़, बंदगांव, चाईबासा के पूरे क्षेत्र में बिरसा मुंडा के अनुयायियाें ने अंग्रेजाें और शाेषकाें के खिलाफ संघर्ष किया था. डाेंबारी हिल पर निर्णायक लड़ाई हुई थी.
