मंत्री पद से हटाए जाने से ठीक पहले तक आम आदमी पार्टी का सबसे चमकता चेहरा रहे कपिल मिश्रा जब प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ही बेहोश-से होकर गिरे, तो ये बात साबित हो गई कि कपिल मिश्रा अरविंद केजरीवाल स्कूल ऑफ पॉलिटिक्स से पूरी दीक्षा लेकर निकले हैं.
हालांकि, बेहोश होकर गिरने से पहले तक कपिल मिश्रा केजरीवाल को साथ लेकर जितना नीचे तक गिर सकते थे, गिर चुके थे. कपिल मिश्रा ने केजरीवाल पर पार्टी के जरिए कालेधन को सफेद में बदलने का बड़ा आरोप लगाया.
कपिल ने कहा कि आम आदमी पार्टी फर्जी कंपनियों से मिले चन्दे की रकम के बारे में जानकारी छिपाई है. उन्होंने आरोप को और मजबूत करते हुए बताया कि मोतीनगर से आम आदमी पार्टी के विधायक शिवचरण गोयल के नाम पर 16 फर्जी कंपनियां बनाई गई हैं. और उन्हीं कंपनियों ने केजरीवाल को रात 12 बजे 2 करोड़ रुपये दिए.
कपिल ने आरोपों को धार देते हुए ये भी बताया कि इन कंपनियों से मिला फंड एक्सिस बैंक की उन्हीं शाखाओं में जमा कराया गया, जहां नोटबन्दी के दौरान कालाधन सफेद करने की शिकायतें मिली थीं.

