राज्य मध्य प्रदेश. महीना जून का और बुलडोजर एक्शन के मोड में मोहन यादव की सरकार. गोकशी, पुलिस पर हमला और हत्या के मामलों के आरोपियों के 37 घरों पर प्रशासन ने एक महीने में बुलडोजर चला दिया है. खास बात है कि जिन 37 घरों पर बुलडोजर चलाया गया, उनमें से 27 मुस्लिम परिवारों के थे.
मुहल्ले में बुलडोजर आया है.. आज से 5 साल पहले जब गली से यह आवाज आती थी तो मन में ख्याल आता था कि कहीं खुदाई चल रही है और अगर वक्त है तो चलो देख आते हैं. मीम्स बनते थे कि लोग कितने खलिहर हैं. लेकिन अगर आज मुहल्ले में बुलडोजर चलने की खबर आती है, खासकर यूपी और एमपी में, तो एक विचार यह भी आ सकता है कि प्रशासन एक्शन ले रहा है.
क्विंट हिंदी ने जून में सामने आए इन सभी मामलों को फॉलो किया है. आपको यहां बता रहे हैं कि इन 37 घरों को क्या आरोप लगाकर गिराया गया? जिनका आशियाना टूटा वे कौन हैं? प्रशासन का इनपर क्या कहना है?

