गर्मी के मौसम में तापमान अधिक होने से हमारे शरीर को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है. खास कर हमारी आंखों को. बढ़ते तापमान के साथ आंखों में एलर्जी और संक्रमण का होना काफी आम है और डॉक्टरों का मानना है कि यह समय आंखों की देखभाल के लिहाज से काफी अहम होता है. हालांकि देश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश से मौसम ने थोड़ी करवट बदली है, पर गर्मी अभी भी बनी हुई है.
एलर्जी, संक्रमण, और आंखों में सूखापन (ड्राई आई) कुछ ऐसी स्थितियां हैं, जो बड़ों के साथ-साथ बच्चों में भी भारी संख्या में देखने को मिल रही है. ऐसे में हमें अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होती है. समय पर डॉक्टर की सलाह का पालन नहीं किया गया, तो स्थिति और खराब हो सकती है.

