नींद हमारी जिंदगी का बहुत अहम हिस्सा है. अगर हम देखें तो स्वस्थ व्यक्ति हर दिन लगभग 6-8 घंटे की नींद लेते हैं. इसका मतलब है कि अपने जीवन का एक तिहाई हिस्सा मनुष्य सोने में निकाल देते हैं. इससे आप समझ सकते हैं कि अच्छी नींद हमारे लिए कितनी महत्वपूर्ण है.
नींद न केवल हमारे शरीर को आराम देती है बल्कि हमारे शरीर को नई ऊर्जा प्रदान करती है और साथ ही हमारे सोचने की क्षमता को भी ऊर्जा देती है.
आज कल देखा जाता है कि काफी लोग नींद की समस्या से ग्रस्त हैं, चाहे वो किसी भी उम्र वर्ग के क्यों न हों.
एक स्वस्थ व्यक्ति को कम से कम 8 घंटे की नींद लेने की सलाह दी जाती है. लेकिन, कई लोग जिंदगी में व्यस्तता, तनाव या स्वास्थ्य में गड़बड़ी के कारण आठ घंटे की नींद पूरी नहीं कर पाते हैं. बहुत से लोगों को लगता है कि नींद न आना एक आम बात है. लेकिन ऐसा नहीं है, अच्छी नींद नहीं आना धीरे-धीरे गंभीर समस्या बन सकती है.

