
advertisement
सोशल मीडिया पर एक महिला और एक पुरुष की फोटो वायरल है. फोटो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ये शख्स राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के दामाद और बेटी हैं. पोस्ट में आगे दावा है कि मोहन भागवत की बेटी ने एक मुस्लिम शख्स से विवाह किया है.
क्या ये सच है ? : RSS प्रमुख मोहन भागवत विवाहित नहीं हैं. हमें ऐसी कोई आधिकारिक जानकारी कहीं नहीं मिली जिससे पुष्टि होती हो कि मोहन भागवत की कोई बेटी है.
वायरल फोटो बिहार के चर्चित बाहुबली नेता आनंद मोहन और उनकी पत्नी लवली मोहन की है. आनंद मोहन को बिहार के गोपालगंज में 1994 में हुए कलेक्टर जी कृष्णैय्या की हत्या के मामले में 15-16 साल कारावास में गुजारकर बाहर आ चुके हैं.
हमने ये सच कैसे पता लगाया ? : सबसे पहले हमने वायरल हो रही फोटो का सच पता लगाना शुरू किया. फोटो को गूगल लेंस के जरिए सर्च करने पर हमें कई मीडिया रिपोर्ट्स में ये फोटो मिली. यहां से पता चला कि तस्वीर में बिहार के बाहुबली नेता आनंद मोहन और उनकी पत्नी लवली मोहन हैं.
2023 में हुई आनंद मोहन की रिहाई को लेकर भी कई सवाल उठे थे. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर आरोप लगे कि उनकी सरकार ने राजनीतिक फायदे के लिए आनंद मोहन की जल्दी रिहाई के लिए जेल मैनुअल के नियमों में बदलाव किए.
सोर्स : स्क्रीनशॉट/इंडिया टुडे
वायरल फोटो में दिख रही महिला आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद हैं, जो 2024 के लोकसभा चुनाव में बिहार की शिवहर लोकसभा सीट से निर्वाचित होकर संसद पहुंची हैं.
अपने लंबे राजनीतिक करियर में वह कांग्रेस, राजद और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा जैसे दलों से जुड़ी रहीं. 2024 के चुनाव से पहले उन्होंने जनता दल (यूनाइटेड) का दामन थामा, जिसके बाद पार्टी नेतृत्व ने उन्हें शिवहर से टिकट दिया.
भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, लवली आनंद के पिता स्व. मनिक प्रसाद सिंह हैं. ये दावा यहीं गलत साबित हो जाता है कि वो मोहन भागवत की बेटी हैं .
सोर्स : स्क्रीनशॉट/dspstg.sansad.in
मोहन भागवत अविवाहित हैं : सार्वजानिक जीवन में मोहन भागवत के शादीशुदा होने की कोई पुष्टि नहीं है और ना ही उनकी कोई बेटी होने की जानकारी है.
हमें मोहन भागवत का 2025 का एक बयान मिला, जिसमें उन्होंने लिव इन रिलेशनशिप और बच्चों की संख्या पर बयान देते हुए स्वीकारा था कि वो खुद शादीशुदा नहीं हैं. जो भी बातें वो इन विषयों पर कह रहे हैं वो उन्होंने सुनी हैं, जिस आधार पर कह रहे हैं.
मोहन भागवत की बेटी होने को लेकर पहले भी भ्रामक दावे किए जाते रहे हैं. द क्विंट की फैक्ट चेकिंग टीम इन दावों की पड़ताल कर चुकी है.
निष्कर्ष : बिहार के बाहुबली नेता आनंद मोहन और उनकी पत्नी की फोटो को RSS प्रमुख मोहन भागवत से जोड़कर भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)