
advertisement
नेपाल में आई बाढ़ में तकरीबन एक हजार लोगों के मरने और कई हजार लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है. नेपाल में आई इस त्रासदी के अलग-अलग वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही हैं.
ऐसे में सोशल मीडिया पर एक ऐसी वीडियो शेयर की जा रही है जिसमें एक व्यक्ति का सिर्फ सिर बाहर है और बाकी पूरा शरीर मलबे में दबा नजर आ रहा है, इस वीडियो को नेपाल में आई बाढ़ की घटना का बताकर शेयर किया जा रहा है.
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
इस वीडियो का नेपाल में आई बाढ़ त्रासदी से कोई संबंध नहीं है.
यह वीडियो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के फाफामऊ में कोल्ड स्टोरेज सुविधा में हुए हादसे का है.
यहां से अंदाजा लेकर हमने इससे संबंधित कीवर्ड्स सर्च किए. हमारी सर्च में हमें 'प्रयागराज लाइव 24' नाम का यह YouTube चैनल मिला, जिस पर यह वायरल वीडियो 24 मार्च, 2026 को अपलोड किया गया था.
इस रिपोर्ट के मुताबिक इस वीडियो में प्रयागराज के फाफामऊ में कोल्ड स्टोरेज हादसे के दौरान चलाए गए बचाव अभियान को दिखाया गया है.
इससे सम्बंधित कीवर्ड्स सर्च करने पर हमें वायरल वीडियो से मेल खाते हुए दृश्य दैनिक भास्कर की 24 मार्च 2026 की इस न्यूज रिपोर्ट में मिले.
इस रिपोर्ट में घटना की जानकारी देते हुए लिखा गया था, "प्रयागराज के फाफामऊ थाना क्षेत्र में स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज में 23 मार्च 2026 को एक बड़ा हादसा हो गया. दोपहर करीब 1:30 बजे कोल्ड स्टोरेज में कूलिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले अमोनिया गैस का चैंबर फट गया, जिससे कोल्ड स्टोरेज की दीवार और छत ढह गई. इस घटना में कई मजदूर मलबे में दब गए."
आगे लिखा था कि, "इस मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मंत्री अंसार अहमद समेत 7 लोगों को नामजद करते हुए कुल 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है."
निष्कर्ष: प्रयागराज के एक कोल्ड स्टोरेज में हुए हादसे की वजह से मलबे में दबे युवक के वीडियो को नेपाल की बाढ़ से जोड़कर भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)