
advertisement
West Bengal Assembly Elections Results 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है. प्रदेश की 294 में से 293 सीटों पर काउंटिंग हो रही है. एक सीट, फाल्टा पर 21 मई को फिर से वोटिंग होगी. चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, दोपहर तीन बजे तक के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) 193 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) 95 सीटों पर आगे चल रही है.
विधानसभा चुनावों में रिकॉर्ड 92.93 परसेंट वोटिंग दर्ज की गई. पहले फेज में 152 सीटों पर 93.19 परसेंट वोटिंग हुई, जबकि दूसरे फेज में, जिसमें कोलकाता और दक्षिणी जिले शामिल थे, 91.66 परसेंट वोटिंग हुई.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: पार्टीवार वोट शेयर
(स्क्रीनशॉट: चुनाव आयोग)
पश्चिम बंगाल की भवानीपुर सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आगे चल रही हैं. 12 राउंड की कांउंटिंग के बाद ममता बनर्जी 7 हजार से ज्यादा वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं. वहीं बीजेपी प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी पीछे चल रहे हैं.
दूसरी तरफ अगर नंदीग्राम सीट की बात करें तो वहां अब तक 8 राउंड की काउंटिंग हो चुकी है. बीजेपी प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी 11 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं.
बंगाल में बाबरी मस्जिद की नींव रखने वाले मुस्लिम नेता हुमायूं कबीर दो सीटों- रेजीनगर और नौदा से लीड बनाए हुए हैं.
सबकी नजर पानीहाटी सीट पर भी टिकी है. बीजेपी ने यहां से आरजीकर हॉस्पिटल रेप विक्टिम की मां रत्ना देबनाथ को टिकट दिया था. अबतक के रुझानों के मुताबिक वे बढ़त बनाए हुए हैं.
बहरामपुर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी 8 राउंड की काउंटिंग के बाद करीब 7500 वोटों से पीछे चल रहे हैं. बीजेपी के सुब्रत मैत्रा लीड कर रहे हैं.
काउंटिंग के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने काउंटिंग एजेंट और उम्मीदवारों से काउंटिंग सेंटर नहीं छोड़ने की अपील की है. एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा, "काउंटिंग एजेंट और उम्मीदवार काउंटिग सेंटर छोड़कर न आएं. यह बीजेपी का प्लान है, मैं कल से ही बोल रही हूं- पहले उन्हें आगे दिखाया जाएगा. कई जगह उन्होंने काउंटिंग को बंद कर रखा है."
उन्होंने आगे कहा,
चुनावी रुझानों पर मीडिया से बातचीत में पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "बीजेपी सरकार बना रही है. बीजेपी को स्पष्ट जनादेश मिल रहा है. प्रारंभिक रुझानों में बंगाल ममता बनर्जी को नकार रहा है."
वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, "लोगों ने ही इस बार चुनाव लड़ा है... यह जनता बनाम सरकार की लड़ाई थी."
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पिछले 15 सालों से सत्ता पर काबिज हैं. 2021 विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने बंपर जीत दर्ज की थी. पार्टी ने 48 फीसदी वोट शेयर के साथ 215 सीटों पर कब्जा जमाया था. वहीं बीजेपी ने 77 सीटों पर जीत हासिल की थी. यह पहला मौका था, जब पार्टी ने दहाई के आंकड़े को पार किया. पार्टी का वोट शेयर बढ़कर 38 प्रतिशत हो गया था. 294 सदस्यीय बंगाल विधानसभा में बहुमत के लिए 148 विधायकों के समर्थन की जरूरत होती है.