
advertisement
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है जिसमें एक व्यक्ति को छोटे बच्चों को बुरी तरह पीटते हुए देखा जा सकता है. वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि बच्चें दर्द में चीख पुकार कर रहे हैं.
दावा: इस पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो भारत के DPS स्कूल राजबाग का है और टीचर का नाम शकील अहमद अंसारी है.
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
यह वीडियो भारत या DPS राजबाग का नहीं है.
वायरल वीडियो मिस्र के काहिरा के एक अनाथालय का है जहां बच्चों पर बर्बरता करता हुआ नजर आ रहा यह युवक इस अनाथालय का हेड था.
यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने के बाद इस अनाथालय के प्रमुख को बच्चों की पिटाई करने के लिए अदालत ने उसे तीन साल की जेल की सजा सुनाई थी.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें यही वीडियो AL Arabiya English नाम की न्यूज वेबसाइट की 04 अगस्त 2014 की इस न्यूज रिपोर्ट में मिली.
इसके सिवा हमारी सर्च में हमें Daily News Egypt की इस न्यूज वेबसाइट पर भी वायरल वीडियो के बारे में 04 अगस्त 2014 की यह न्यूज रिपोर्ट मिली जिसमें वीडियो के बारे में लिखा था कि "इसमें मक्का अल-मुकर्रमा अनाथालय के प्रबंधक ओसामा मोहम्मद उथमान को 13 बच्चों के एक ग्रुप को, जिनमें से ज्यादातर 10 वर्ष से कम आयु के हैं उन्हें एक-एक करके पीटते और थप्पड़ मारते देखा जा सकता है."
इस रिपोर्ट के मुताबिक इस अनाथालय के मैनेजर की पत्नी ने यह वीडियो शेयर किया था, जिसमें उसका पति काहिरा के अल-हरम इलाके में स्थित 'मक्का अल-मुकर्रमा अनाथालय' में बच्चों को प्रताड़ित करता हुआ दिखाई दे रहा है.
इससे सम्बंधित कीवर्ड्स सर्च करने पर हमें BBC की यह न्यूज रिपोर्ट मिली जिसमें वायरल वीडियो के बारे में लिखा था कि "मिस्र के अनाथालय का वीडियो: बच्चों को पीटने के आरोप में मैनेजर को जेल."
BBC की इस रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है.
(सोर्स - स्क्रीनशॉट/BBC)
इसके साथ ही इस रिपोर्ट में लिखा था कि "मिस्र की एक अदालत ने काहिरा के एक अनाथालय के प्रमुख को, अपनी देखरेख में पल रहे सात बच्चों पर हमला करने और उनकी जान खतरे में डालने के आरोप में तीन साल जेल की सजा सुनाई है.
ओसामा मोहम्मद उस्मान को अगस्त में एक वीडियो सामने आने के बाद गिरफ्तार किया गया था, जिसमें वह बच्चों को एक छड़ी से पीटते हुए दिखाई दे रहा थे."
निष्कर्ष: मिस्र के काहिरा के अनाथालय में बच्चों को पीटने के वीडियो को भारत का बताकर भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)