
advertisement
पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों के बाद सोशल मीडिया पर पूर्व चुनाव आयुक्त राजीव कुमार का एक वीडियो वायरल है. इस वीडियो में राजीव कुमार चुनावी नतीजों को लेकर टीवी न्यूज चैनलों की कवरेज पर सवाल उठा रहे हैं. वो दावा करते हैं कि चैनलों पर असल वोटों की गिनती से पहले ही कथित ट्रेंड दिखाए जाते हैं.
वीडियो में राजीव कुमार कहते दिख रहे हैं - ''जब काउंटिंग का समय होता है, तो 8 बजकर 5 मिनट से ही नतीजे दिखने शुरू हो जाते हैं,Which is Nonscence. जबकि पहली काउंटिंग 8:30 बजे शुरू होती है. हमारे पास प्रमाण है कि उससे पहले ही आने लगा इतने की लीड उतने की लीड. पर कहीं ऐसा तो नहीं है कि एग्जिट पोल को सही साबित करने के लिए ये ट्रेंड आने लगे?''
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई 2026 को आए, इसके बाद ये वीडियो शेयर किया जा रहा है. कई यूजर्स वीडियो शेयर करते हुए लिख रहे हैं - अब तक क्यों चुप थे ? इस वीडियो को हालिया चुनावों से जोड़कर शेयर किया जा रहा है. पोस्ट्स के कैप्शन से लग रहा है कि ये बयान राजीव कुमार ने बंगाल चुनाव के नतीजों को लेकर दिया है.
क्या ये सच है ? : वायरल वीडियो 15 अक्टूबर 2024 का है, जब चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र झारखंड चुनावों का शेड्यूल जारी करने को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. इस दौरान जब 2024 के लोकसभा चुनावों के एग्जिट पोल के गलत साबित होने पर सवाल पूछा गया तो राजीव कुमार ने जवाब देते हुए एग्जिट पोल की विश्वसनीयता और चैनलों की कवरेज पर गंभीर सवाल उठाए.
2024 चुनावों में एग्जिट पोल को लेकर बड़े सवाल उठे थे. इस चुनाव में ज्यादातर एग्जिट पोल्स में बीजेपी को भारी बहुमत मिलता दिखाया गया था, जबकि असल नतीजों में बीजेपी अकेले बहुमत के लिए जरूरी 272 सीटें भी नहीं जीत पाई थी.
हमने ये सच कैसे पता लगाया ? : गूगल पर कुछ कीवर्ड्स के जरिए हमने पूर्व चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के एग्जिट पोल को लेकर दिए बयान सर्च किए. चुनाव आयोग के आधिकारिक फेसबुक पेज से किया गया एक पोस्ट हमें मिला, जिसमें वायरल हो रहे बयान का थोड़ा लंबा हिस्सा था. ये पोस्ट 15 अक्टूबर 2024 का है, तो जाहिर है कि ये हालिया विधानसभा चुनावों से जुड़ा नहीं है.
चुनाव आयोग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर हमें इस प्रेस कॉन्फ्रेंस का पूरा वीडियो भी मिला. चैनल से इस वीडियो का सीधा प्रसारण (Live Stream) 15 अक्टूबर 2024 को किया गया था. तो जाहिर है ये इसी दिन का वीडियो है. ये प्रेस कॉन्फ्रेंस महाराष्ट्र - झारखंड में हुए विधानसभा चुनावों का शेड्यूल जारी करने के लिए हुई थी.
26:45 मिनट पर ANI के पत्रकार शैलेश सवाल पूछते हैं और हरियाणा चुनाव का जिक्र करते हैं. फिर कहते हैं कि लोकसभा चुनावों के नतीजे एग्जिट पोल से बिल्कुल उलट थे, जिससे कई बार जनता में ईवीएम को लेकर भी सवाल उठते हैं. चुनाव आयोग इस पर क्या सोचता है ?
इसके बाद कई अन्य सवाल भी पूछे जाते हैं, 29:11 मिनट से राजीव कुमार सवालों के जवाब देना शुरू करते हैं. 30:27 मिनट पर वो एग्जिट पोल से जुड़े सवाल का जवाब देते हैं. (इस जवाब में हमने बीच में इस्तेमाल किए गए अंग्रेजी के वाक्यों का हिंदी में अनुवाद किया है.)
निष्कर्ष : पूर्व चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के 2024 के वीडियो को पश्चिम बंगाल के हालिया चुनाव नतीजों के बाद का बयान बताकर भ्रामक दावोंं के साथ शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)